Wednesday, March 4, 2026
Homeउत्तर प्रदेशप्रयागराजः मुठभेड़ में कुख्यात अपराधी समेत पांच गिरफ्तार

प्रयागराजः मुठभेड़ में कुख्यात अपराधी समेत पांच गिरफ्तार

प्रयागराज (हि.स.)। एसटीएफ एवं उतरांव थाने की संयुक्त पुलिस टीम से शुक्रवार को हुई मुठभेड़ में पच्चीस हजार रुपये के इनामी अपराधी सलमान उर्फ चिकना एवं उसके गैंग के चार सदस्य गिरफ्तार किए गये। टीम ने उनके कब्जे से एक पिस्टल, एक तमंचा, चार बम, एक कार, 6 मोबाइल, 5 आधार कार्ड, 4 पैनकार्ड, दो एटीएम कार्ड, 4680 रुपये बरामद किया है।

अपर पुलिस अधीक्षक गंगापार धवल जायसवाल ने बताया कि ट्रक लूट करने वाले शातिर गैंग के सरगना सलमान खान उर्फ चिकना व उसके सहयोगियों की गिरफ्तारी के लिए अपर पुलिस अधीक्षक एसटीएफ नीरज कुमार पाण्डेय के नेतृत्व में प्रयागराज फील्ड इकाई के निरीक्षक अतुल कुमार सिंह एवं उनकी टीम को लगाया गया था।

मुखबिर की सूचना पर उतरांव थाना पुलिस टीम एवं एसटीएफ ने महरूपुर हाइवे पुलिया के समीप शुक्रवार सुबह शातिर लुटेरे गैंग से मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ में गिरोह का सरगना प्रतापगढ़ के मान्धाता थाना क्षेत्र के सराय मेदीराय निवासी सलमान खान उर्फ चिकना पुत्र इसरार है। इसकी गिरफ्तारी के लिए पच्चीस हजार रुपये इनाम रखा गया है। प्रतापगढ़ के कोहड़ौर थाना क्षेत्र के सरौली गांव निवासी मो. इरफान पुत्र मुनीर उर्फ बुग्गी, प्रतापगढ़ के कोतवाली नगर में चिलबिला गांव निवासी अब्दुल सलीम खॉ, कोहड़ौर थाना क्षेत्र के ही रामपुर विजरा गांव निवासी अन्सार अहमद पुत्र मुईद खान, प्रतापगढ़ के मान्धाता थाना क्षेत्र के नहवइया छितपालगढ़ गांव निवासी जुबैर अली उर्फ सोनू को गिरफ्तार किया गया।

उन्होंने बताया कि पूछताछ के दौरान सलमान खान उर्फ चिकना ने बताया कि 23 अगस्त 2020 की रात अपने साथियों के साथ नन्हें उर्फ इस्तियाक, सहबान, कलीम, मो. तबसीर उर्फ तफ्सीर व साहिल के साथ मिलकर एक सरिया लदे ट्रेलर को लूट लिया था, जिसमें मो. तबसीर उर्फ तफ्सीर व उसके दो अन्य मय ट्रेलर व माल के साथ पकड़े जा चुके है। हम लोग अपने अन्य साथियों के साथ नागपुर, महाराष्ट्र, इन्दौर आदि शहरों में ग्राहक सेट करके उनकी मांग के अनुसार लूट करते थे। ऐसी कई घटनाओं को अंजाम दे चुका है।

18 जनवरी को नागपुर से एक ट्रक लूट करकरे महाराष्ट्र में ढाई लाख रुपये में बेंच दिया था और पैसा आपस में बराबर-बराबर बांट लिया था। आज भी एक ट्रक लूटने की योजना बनाकर आए थे। इसके खिलाफ लूट, हत्या, डकैती समेत एक दर्जन से अधिक मुकदमें दर्ज है। पकड़े गए पांचों अपराधियों के खिलाफ उतरांव थाने में अभियोग पंजीकृत करके जेल भेजा जा रहा है। महाराष्ट्र पुलिस को इस सम्बन्ध में सूचना दे दी गई है। आगे की कार्रवाई महाराष्ट्र पुलिस करेगी।

RELATED ARTICLES

Most Popular