Wednesday, March 4, 2026
Homeउत्तर प्रदेशप्रभु श्रीराम में हमारी आस्था,भाजपा की नीतियों ने किया प्रभावित : रमा...

प्रभु श्रीराम में हमारी आस्था,भाजपा की नीतियों ने किया प्रभावित : रमा निरंजन

झांसी (हि.स.)। हाल ही में समाजवादी पार्टी का दामन छोड़कर भाजपा में शामिल हुई एमएलसी श्रीमती रमा निरंजन ने अपनी आस्था मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम में बताई। भाजपा की जनकल्याणकारी नीतियों से उन्होंने स्वयं को प्रभावित बताया। इसीलिए उन्होंने सपा को छोड़कर भाजपा का दामन थाम लिया। वहीं उनके प्रतिनिधि आरपी निरंजन ने प्रदेश में सपा के 10 साल तक न आने की घोषणा कर डाली।

भाजपा कार्यालय में पत्रकारों से मुखातिब होते हुए एमएलसी ने कहा कि मेरी आस्था प्रभु श्रीराम पर है। वह पिछले 16 वर्षों से हर सप्ताह ओरछा धाम स्थित श्रीरामराजा के दरबार में जाकर माथा टेकती हैं। उन्होंने कहा कि उन्हीं से प्रेरणा मिली कि आपका अस्तित्व भाजपा में ही सुरक्षित है। इस पर उन्होंने समाजवादी पार्टी छोड़ी और भाजपा में शामिल हुई।

कहा कि भारतीय जनता पार्टी राम मंदिर बनवा रही है और यही हमारी आस्था थी। प्रदेश में योगी और केंद्र की मोदी सरकार गरीबों के लिए अनेक योजना चलाकर लोगों को लाभान्वित कर रही है। वही उनके पति आरपी निरंजन ने कहा कि वह कई दिनों से भाजपा और सपा की नीतियों में तुलना कर रहे थे। जब उन्होंने देखा कि भाजपा में ही हर वर्ग व व्यक्ति का अस्तित्व सुरक्षित है। उन्होंने भाजपा का दामन थामा।

सपा छोड़ने का एक दूसरा कारण बताते हुए उन्होंने कहा कि पिछले दिसंबर माह में सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव झांसी आए और सर्किट हाउस में ठहरे हुए थे। उस दौरान उनका स्वास्थ्य ठीक न होने के कारण उनकी पत्नी एमएलसी रमा निरंजन अखिलेश यादव से मिलने पहुंची। वहां उन्हें काफी देर तक इंतजार करना पड़ा और कार्ड आदि दिखाने पर ही उनकी मुलाकात हो सकी। तब उनकी पत्नी ने राजनीति छोड़ने का मन बना लिया।

कहा कि जब अपने नेता से मिलने के लिए इतना इंतजार करना पड़ रहा है तो पार्टी में रहने का क्या मतलब ? आरपी निरंजन ने कहा कि सपा में सम्मान धीरे-धीरे गिरता जा रहा है। साथ ही कहा कि आगामी 10 वर्षों तक प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार नहीं आएगी। मोदी व योगी जो कार्य कर रहे हैं वह कोई नहीं कर सकता। यही नहीं भाजपा सरकार में सरकारी योजनाओं का भरपूर लाभ लोगों को मिल रहा है। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष मुकेश मिश्रा, जिलाध्यक्ष जमुना कुशवाहा आदि मंच पर उपस्थित रहेो।

RELATED ARTICLES

Most Popular