Tuesday, April 7, 2026
Homeउत्तर प्रदेशप्रभावी मतदाता विपक्ष के प्रभाव को निष्प्रभावी कर देगा : डॉ दिनेश...

प्रभावी मतदाता विपक्ष के प्रभाव को निष्प्रभावी कर देगा : डॉ दिनेश शर्मा

मुरादाबाद (हि.स.)। उप्र विधानसभा चुनाव में प्रभावी मतदाता विपक्ष के प्रभाव को निष्प्रभावी कर देगा। समाजवादी पार्टी, कांग्रेस और बहुजन समाज पार्टी समाज के लोगों में भ्रम पैदा करके भेदभाव फैला रहे हैं। भाजपा सबका साथ सबका विकास और सबका विश्वास पर कार्य कर रही है।

यह बातें उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा ने दिल्ली रोड स्थित एक होटल में आयोजित प्रभावी मतदाता संवाद कार्यक्रम में कहीं। प्रभावी मतदाता संवाद कार्यक्रम के बाद डॉ. दिनेश शर्मा ने सदर कोतवाली क्षेत्र स्थित गंज गुरहट्टी, बाजार गंज, टाउनहॉल, बुध बाजार क्षेत्र में जनसंपर्क के दौरान व्यापारियों से भाजपा के पक्ष में मतदान करने का आवाहन किया।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार और योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली उत्तर प्रदेश सरकार बिना किसी भेदभाव के देश-प्रदेश में विकास कार्य किया है। पंडित श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय ने जो सपना देखा था उसी सपने को भाजपा सरकार ने साकार किया है। एकात्म मानववाद और अंत्योदय के रास्ते पर चलकर केंद्र व प्रदेश सरकार देश व प्रदेश के हर वर्ग के सपने को पूरा कर रही है।

कहा कि आज भाजपा विरोधी दल जाति धर्म के आधार पर समाज में विभाजन कर रहे हैं। यह चुनाव प्रदेश की दिशा और दशा को बदलने वाला है। इसके लिए आप सभी लोगों को अंतर्मन में संकल्प लेना होगा। आजादी के बाद आज तक इतना विकास भाजपा सरकार ने किया है। उतना पिछली सरकारों ने कभी नहीं किया।

श्री शर्मा ने कहा कि भाजपा सरकार ने प्रदेश में नकल विहीन परीक्षा कराकर शिक्षा क्षेत्र में बड़ा काम किया है। उत्तर प्रदेश में साढ़े चार लाख से अधिक रोजगार दिए हैं। किसानों को सब्सिडी पर कृषि उपकरण व खाद-पानी की व्यवस्था की जा रही है।

प्रभावी मतदाता संवाद कार्यक्रम में भाजपा नगर विधानसभा प्रत्याशी रितेश गुप्ता ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने उत्तर प्रदेश में अपने पांच वर्षों के कार्यकाल में बिना किसी भेदभाव के चौतरफा विकास प्रदेश का किया है। प्रदेश में एक बार फिर से पूर्ण बहुमत से भाजपा की सरकार बनने जा रही है।

मुरादाबाद देहात विधानसभा प्रत्याशी डॉ. केके मिश्रा ने कहा कि योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली उत्तर प्रदेश की यह पहली सरकार है जिस पर भ्रष्टाचार का कोई भी आरोप नहीं लगा है। भाजपा सरकार ने प्रदेश में विकास की गंगा बहाई और अपराध पर रोक लगाई। प्रभावी मतदाता संवाद कार्यक्रम का संचालन एमएलसी डाॅ. जयपाल सिंह व्यस्त ने किया।

निमित जायसवाल

RELATED ARTICLES

Most Popular