बोले,जिस पार्टी के पास आप जैसे कर्मठ कार्यकर्ताओं की ताकत हो, उसकी जीत सुनिश्चित
वाराणसी (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को अपने संसदीय क्षेत्र में भाजपा के कार्यकर्ताओं को अपने प्यार,सम्मान और स्नेह से सींच उन्हें प्रदेश विधानसभा चुनाव में बूथ जीतने का विजय मंत्र भी दिया। सम्पूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय के मैदान में भाजपा काशी क्षेत्र की ओर से आयोजित बूथ विजय सम्मेलन में प्रधानमंत्री ने कहा कि जिस पार्टी के पास आप जैसे कर्मठ कार्यकर्ताओं की ताकत हो, उसकी जीत सुनिश्चित ही है। बूथ विजय सम्मेलन में आप सबका यह जोश और आत्मविश्वास दिखाता है कि हम बूथ भी जीतेंगे और पूरे क्षेत्र में फुल स्कोर भी करेंगे।
प्रधानमंत्री ने कार्यकर्ताओं में उत्साह भरते हुए कहा कि जानता हूं कि भाजपा का कार्यकर्ता चुनाव के आखिरी दिन तक आराम नहीं करता है। उन्होंने 2014 में पहली बार अपने वाराणसी आगमन का जिक्र कर प्रधानमंत्री ने कहा कि जब मैं वाराणसी आया था तो संगठन के कुछ लोग ही जानते थे। लेकिन, आज काशी ही नहीं पूर्वांचल और पूरे यूपी का स्नेह और आशीर्वाद मिल रहा है। मैं दिल्ली में काम करता हूं और आप भाजपा कार्यकर्ता ही यहां सब कुछ संभालते हैं। लोगों का जो प्रेम और भरोसा मुझ पर है, वह आप सब कार्यकर्ताओं की बदौलत है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि वाराणसी में लोगों का इतना प्यार और सम्मान मिला है। मेरी अनुपस्थिति में आप सभी भाजपा कार्यकर्ता ही पूरा काम संभालते हैं। आप मेरे लिए एक ओपन यूनिवर्सिटी की तरह हैं। कोरोना काल के दौर में पार्टी ने ‘सेवा ही संगठन’ अभियान चलाया। मैं जानता हूं कि किस तरह भाजपा का हर एक कार्यकर्ता जन सामान्य की सेवा के लिए लगा रहा।
श्रीधर
