Thursday, March 12, 2026
Homeउत्तर प्रदेशप्रधानमंत्री मोदी ने पूरा किया अटल जी का सपना : स्वाती सिंह

प्रधानमंत्री मोदी ने पूरा किया अटल जी का सपना : स्वाती सिंह

लखनऊ (हि.स.)। नारी शक्ति वंदन अधिनियम लोकसभा में पास होने के बाद सभी दलों की महिला नेताओं में विशेष खुशी है। उनको उम्मीद जगी है कि उनकी पार्टी में अब महिला नेताओं की पूछ बढ़ेगी। उनको विभिन्न पदों पर आगे बढ़ाया जाएगा। इस मुद्दे पर भाजपा नेता और पूर्व मंत्री स्वाती सिंह ने कहा कि 27 साल से यह महिलाओं के लिए सपना था जिसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूरा किया है।

उन्होंने कहा कि यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मैजिक ही है जो सबसे ज्यादा महिला आरक्षण की विरोधी पार्टी समाजवादी पार्टी ने भी इसके पक्ष में मतदान किया। इस बिल से अटल बिहारी वाजेपेयी का सपना जुड़ा है। अटल जी ने ऐसे बिल को चार बार पास कराने की कोशिश की लेकिन बहुमत न होने के कारण असफल रहे। आज उनका सपना पूरा होने जा रहा है।

स्वाती सिंह ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि कई क्षेत्रीय पार्टियों को टार्च लेकर महिला के लिए आरक्षित सीटों पर उम्मीदवार तलाशना पड़ेगा। विशेष रूप से बसपा द्वारा महिलाओं के लिए पचास प्रतिशत आरक्षण दिये जाने की मांग पर उनका कहना था कि महिला रहते हुए भी बसपा ने प्रदेश की कितनी महिलाओं को आगे बढ़ाया। बसपा में वह खुद के अलावा किसी एक महिला का नाम बता सकती हैं, जो प्रदेश स्तर पर छवि रखती हो। हकीकत तो यह है कि 33 प्रतिशत का आरक्षण लागू होने के बाद भी बसपा को टार्च लेकर टिकट देने के लिए पार्टी में महिला नेताओं की तलाश करनी होगी।

पूर्व मंत्री ने कहा कि कभी टिकट बेचने के रूप में लोकमानस में चर्चित बसपा को महिला उम्मीदवार खरीदने पड़ेंगे। इसका कारण है पारिवारिक और व्यक्तिगत पार्टियों की कोई विचारधारा तो है नहीं। सिर्फ इनको जिताऊ उम्मीदवार चाहिए। ऐसे में इन पार्टियों ने सिर्फ दबंगों को टिकट देने का काम किया।

उन्होंने कहा कि भाजपा को छोड़कर किसी पार्टी ने महिला हित के बारे में सोचा ही नहीं। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सबसे ज्यादा प्राथमिकता में रहा महिला उत्थान। उन्होंने महिलाओं को धुएं से मुक्ति दिलाने के लिए उज्ज्वला योजना शुरू की। आज महिलाओं में रोगग्रस्त होने के प्रतिशत में काफी गिरावट आयी है।

भाजपा ने प्रदेश में सिर्फ एक मंत्री स्वाती सिंह का टिकट काटा था। महिला हितैषी होते हुए उनका टिकट क्यों काट दिया गया था ? इस सवाल के जवाब में उनका कहना था कि सिर्फ स्वाती सिंह का टिकट कटने को महिला उत्थान में बाधा के रूप में नहीं देखा जा सकता। यहां 65 करोड़ के लगभग महिलाएं हैं। मैं तो भाजपा की एक सक्रिय कार्यकर्ता हूं और आजीवन रहुंगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमित शाह और योगी आदित्यनाथ का हमेशा से हमको प्यार मिला है। पार्टी ने कुछ सोचा होगा, जिसके कारण हमें टिकट नहीं मिला।

उपेन्द्र/दिलीप

RELATED ARTICLES

Most Popular