Sunday, April 12, 2026
Homeमनोरंजनप्रधानमंत्री मोदी ने कैलाश खेर को दी जन्मदिन की बधाई, सिंगर ने...

प्रधानमंत्री मोदी ने कैलाश खेर को दी जन्मदिन की बधाई, सिंगर ने पोस्ट शेयर कर जताया आभार

जाने -माने सिंगर व म्यूजिक कम्पोजर कैलाश खेर आज अपना 49वां जन्मदिन मना रहे हैं। इस खास मौके पर उन्हें देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जन्मदिन की बधाई दी है। वहीं कैलाश खेर ने भी पोस्ट शेयर कर पीएम मोदी के प्रति आभार व्यक्त किया है। कैलाश खेर ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम पर पीएम मोदी द्वारा दी गई शुभकामना सन्देश की एक तस्वीर साझा की है और पीएम मोदी को टैग करते हुए लिखा-‘ आप हमारी चमक, हमारा नूर हैं इसीलिये हम थोड़े से मगरूर हैं। वैसे तो रिश्तों का हिमालय है जीवन, परन्तु करोड़ों हृदयों से आशीर्वाद पाना,और आपका स्नेह और शुभकामना किसी दैवीय अनुकम्पा से कम नहीं आपको तो मेरे महादेव ने भेजा है हम सबको प्रेरित करने को।धन्यवाद पीएम@नरेन्द्रमोदी जी। ॐ!’

अपने सूफी गानों से एक अलग और खास पहचान बनाने वाले कैलाश खेर का जन्म 7 जुलाई 1973 को उत्तर प्रदेश के मेरठ में हुआ था। कैलाश खेर के पिता कश्मीरी पंडित थे और लोक गीतों में उनकी काफी रुचि थी।अपने पिता के ये गुण कैलाश में भी आये और कैलाश खेर ने महज चार साल की उम्र में गाना शुरू कर दिया था। कैलाश की यह रूचि धीरे -धीरे जूनून में बदलती गई और उन्होंने आगे होकर सिंगर बनना तय किया। जब कैलाश ने अपनी यह इच्छा परिवार में बताई तो कोई भी इसके लिए राजी नहीं हुआ जिसके बाद उन्होंने छोटी उम्र में ही घर छोड़ दिया । लम्बे संघर्ष के बाद कैलाश की जिंदगी ने करवट ली और कैलाश की जिंदगी में उम्मीद की किरण तब नजर आई जब वो म्यूजिक डायरेक्टर राम सम्पत से मिले और उन्होंने कैलाश को एड में जिंगल्स गाने का मौका दिया। उन्होंने पेप्सी से लेकर कोका कोला जैसे बड़े ब्रान्ड्स के लिए जिंगल्स गाए। कैलाश खेर को पहचान मिली ‘अल्लाह के बंदे’ गाने से। इस गाने की लोकप्रियता ऐसी रही कि इसके बाद कभी उन्होंने पीछे मुड़कर नहीं देखा। बॉलीवुड में उन्होंने ‘रब्बा’, ‘ओ सिकंदर’ और ‘चांद सिफारिश’ जैसे गाने गाए हैं। कैलाश खेर आज लाखों लोगों के दिलों पर राज करते हैं और कई युवाओं की प्रेरणा भी है।कैलाश खेर को संगीत जगत में योगदान के लिए साल 2017 में पद्मश्री पुरस्कार से सम्मानित भी किया जा चुका है।

सुरभि सिन्हा/कुसुम

RELATED ARTICLES

Most Popular