-प्रभारी मंत्री ने सांसद समेत दर्जनों भाजपाईयों के साथ झाड़ू लगा दिया स्वच्छता का संदेश
चित्रकूट (हि.स.)। चित्रकूट दौरे पर आये उत्तर प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री नरेन्द्र कश्यप ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के स्वच्छ भारत मिशन ने करोड़ों देशवासियों की सोच में बदलाव लाया है। वह दो दिवसीय दौरे पर चित्रकूट पहुंचें हैं।
पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण राज्यमंत्री एवं जिले के प्रभारी नरेन्द्र कश्यप ने सामाजिक न्याय सप्ताह कार्यक्रम के तहत बुधवार को मुख्यालय स्थित रोडवेज बस स्टैंड में सांसद समेत दर्जनों भाजपाईयों के साथ झाड़ू लगाकर प्रधानमंत्री मोदी के ड्रीम प्रोजेक्ट स्वच्छता अभियान में भागीदारी की।
इस मौके पर प्रभारी मंत्री नरेंद्र कश्यप ने कहा कि यदि स्वच्छ भारत होगा तो स्वस्थ भारत होगा और स्वस्थ भारत होगा तो सशक्त भारत होगा। स्वच्छता अभियान के जरिये प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने करोडों देशवासियों की सोच में बदलाव लाया है। अब कोई भी व्यक्ति कूड़ा फेंकने के लिए डस्टबिन ढूंढता है और उसी में गंदगी को डालते हैं। हर जगह स्वच्छता का माहौल बना है। उन्होंने कहा कि स्वच्छ भारत मिशन पीएम मोदी का ड्रीम प्रोजेक्ट है।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि जब से पीएम मोदी ने देश की सत्ता संभाली है राष्ट्र का गौरव बढ़ा है। देश सशक्त हुआ है, कानून व्यवस्था बेहतर हुई है। योगी सरकार में स्वच्छता अभियान में बढ़ी तेजी आयी है। आज पूरे प्रदेश से डकैतों, गुंडों और माफियाओं का सफाया हो रहा है। तभी देश और प्रदेश की जनता लगातार भाजपा को बहुमत देकर सरकार बनाने का अवसर दे रही है।
आम आदमी पार्टी की दिल्ली सरकार पर हमला बोलते हुए प्रभारी मंत्री ने कहा कि अन्ना हजारे के आंदोलन को ढाल बनाकर दिल्ली की सत्ता हथियाने वाली केजरीवाल सरकार के शराब घोटाले से आप का असली चेहरा उजागर हो गया है। उन्होने मोदी-योगी सरकार में बुंदेलखंड विकास की मुख्यधारा से जुड़ गया है। चित्रकूट में बुंदेलखंड एक्सप्रेस वे बनने एवं टेबल टॉप एयरपोर्ट के शुरू होते ही बुंदेलखंड देश का पर्यटन हब बनेगा।
धर्म नगरी चित्रकूट के प्रवास के दूसरे दिन जिले के प्रभारी मंत्री नरेंद्र कश्यप ने बांदा-चित्रकूट सांसद आर के सिंह पटेल,जिला पंचायत अध्यक्ष अशोक जाटव,भाजपा जिलाध्यक्ष चंद्र प्रकाश खरे,पूर्व मंत्री चंद्रिका प्रसाद उपाध्याय,चेयरमैन नरेंद्र गुप्ता आदि भाजपाइयों के अलावा नगर पालिका के ईओ लालजी यादव आदि ने मुख्यालय स्थित रोडवेज बस स्टैंड पर समरसता कार्यक्रम के तहत झाड़ू लगाकर एवं सुलभ काप्म्लेस की सफाई कर आम जनमानस को स्वच्छता का सन्देश दिया।
रतन
