– उद्घाटन की तैयारियों में जुटे मेट्रो के अधिकारी, तिथि को लेकर संशय बरकरार
कानपुर (हि.स.)। बीते माह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कानपुर मेट्रो के ट्रायल रन का शुभारंभ किया था। उस दौरान मुख्यमंत्री ने साफ कहा था कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी मेट्रो का उद्घाटन करेंगे। इसी माह के अंत में प्रधानमंत्री का कानपुर दौरा भी प्रस्तावित है। ऐसे में पूरी संभावना है कि प्रधानमंत्री मेट्रो का सफर कर कानपुर मेट्रो का उद्घाटन करेंगे और इसके बाद जनता के लिए मेट्रो चला दी जाएगी। हालांकि अभी तिथि को लेकर संशय है पर सूत्रों के अनुसार 28 दिसम्बर को प्रधानमंत्री मेट्रो के पहले यात्री बनेंगे।
कानपुर मेट्रो परियोजना की आधारशिला दो वर्ष पूर्व नवम्बर माह में रखी गई थी और दो साल के अंदर पहले चरण का कार्य पिछले माह 10 नवम्बर को पूरा हो चुका था। जिसके तहत उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उसी दिन ट्रायल रन का शुभारंभ किया था। शुभारंभ के दौरान मुख्यमंत्री ने कानपुर वासियों को आश्वासन दिया था कि नये साल से जनता मेट्रो का तुफ्त उठा सकेगी।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा था कि इसके पहले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी मेट्रो का शुभारंभ करेंगे। इसको लेकर मेट्रो अधिकारी तभी से तैयारी कर रहे हैं और दिसम्बर माह के अंत में प्रधानमंत्री का कानपुर दौरा भी प्रस्तावित है। ऐसे में पूरी संभावना है कि प्रधानमंत्री मेट्रो में सफर शुभारंभ करेंगे। इस बात की पुष्टि मेट्रो के सूत्र भी कर रहे हैं। सूत्रों के अनुसार प्रधानमंत्री 28 दिसम्बर को शहर के निराला नगर में चुनावी रैली को संबोधित करेंगे और उससे पहले मेट्रो का शुभारंभ करेंगे।
तिथि को लेकर संशय बरकरार
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तारीखों के ऐलान से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कानपुर दौरा कर सकते हैं। प्रधानमंत्री मुख्य रूप से कानपुर मेट्रो के उद्घाटन, आईआईटी के दीक्षांत समारोह और जनसभा को संबोधित करने के लिए आ रहे हैं। अधिकारियों ने तैयारियों को तेज कर दिया है। उद्घाटन के बाद ही मेट्रो पब्लिक के लिए शुरू कर दी जाएगी।
भाजपा जिलाध्यक्ष सुनील बजाज ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी का कानपुर दौरा पहले 25 दिसम्बर को अटल जयंती के मौके पर प्रस्तावित था। लेकिन सुरक्षा कारणों के चलते 28 दिसम्बर तिथि तय की गई है। वहीं मेट्रो रेल प्रबंधन के डीजीएम पीआर पंचानन मिश्रा के अनुसार मेट्रो के उद्घाटन की तैयारी के लिए भी 28 तारीख ही दी गई है। हालांकि अभी तारीखों को लेकर मंथन उच्च स्तर पर चल रहा है। रेलवे के सहायक मंडल अभियंता एनएन मीणा ने बताया कि 28 दिसम्बर को निराला नगर स्थिति रेलवे मैदान को जनसभा के लिए आरक्षित किया गया है। वहीं भाजपा सूत्रों के मुताबिक 28 दिसम्बर लगभग तय है।
अजय
