– भाजपा अध्यक्ष ने गाजियाबाद में पार्टी कार्यकर्ताओं के संग सुनी मोदी के “मन की बात”
गाजियाबाद (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने रविवार को कहा कि भाजपा कार्यकर्ता प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विचारों को आत्मसात करते हुए राजनीति से ऊपर उठकर सामाजिक दृष्टिकोण अपनाएं, तभी राष्ट्र का भला होगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने आज के “मन की बात” में समाज एवं देश को खड़ा करने की जो बात कही है, इससे उनकी दूरदर्शिता परिलक्षित होती है।
भाजपा अध्यक्ष नड्डा ने मोहन नगर स्थित आईटीएस कॉलेज के सभागार में पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ “मन की बात” सुनी। इसके बाद उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने 2014 में “मन की बात” का पहला एपिसोड प्रस्तुत किया था। आज 96 एपिसोड हो गए हैं, लेकिन आज भी इसकी रोचकता, प्रासंगिकता बनी हुई है। यह जनता को बेहद पसंद आ रहा है। इसकी वजह यह है कि प्रधानमंत्री मोदी ने “मन की बात” में हमेशा गैर राजनीतिक बात की है और समाज की भलाई की बात की है। हम सबको इसकी गहराई को समझने की जरूरत है।
नड्डा ने कहा कि हमारा दृष्टिकोण सामाजिक प्रासंगिक सेवा भाव और सामाजिक मुद्दों से जुड़ा होना चाहिए। इस मौके पर प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी, क्षेत्रीय अध्यक्ष मोहित बेनीवाल, केंद्रीय राज्यमंत्री वीके सिंह, राज्यसभा सदस्य अनिल अग्रवाल, महानगर अध्यक्ष संजीव शर्मा समेत पार्टी के कई प्रमुख कार्यकर्ता-पदाधिकारी उपस्थित थे।
फरमान अली/पवन
