– पूर्व मंत्री ने 657.94 लाख की लागत से होने वाले 28 विकास एवं निर्माण कार्यों का किया उद्घाटन एवं शिलान्यास
वाराणसी(हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा व उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में सरकार अपने संकल्प के मुताबिक हर व्यक्ति को उसकी बुनियादी जरूरत की चीजें मुहैया करा रही है। यह बातें उत्तर प्रदेश के पूर्व मंत्री एवं वाराणसी शहर दक्षिणी के विधायक डॉ नीलकंठ तिवारी ने शनिवार को गोलघर स्थित पराड़कर भवन सभागार में आयोजित कार्यक्रम को सम्बोधित कर रहे थे।
कार्यक्रम में विधायक ने अपने विधानसभा क्षेत्र दक्षिणी में पानी, सड़क जैसे मूल-भूत सुविधाएं व अन्य विभिन्न विकास कार्यों से संबंधित विधायक निधि, त्वरित योजना व पूर्वांचल विकास निधि योजना अंतर्गत 657.94 लाख की लागत से होने वाले कुल 28 विकास एवं निर्माण कार्यों का उद्घाटन एवं शिलान्यास भी किया।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में काशी विकास के मॉडल के रूप में देश-विदेश में प्रस्तुत हुआ है। आज काशी वैश्विक मंच पर स्थापित हुआ है। पूर्व में लोगो को सड़क, पानी के लिये आंदोलन करना पड़ता था, परंतु अब विकास की धारा में इन सभी मूलभूत सुविधाओं का लाभ प्रदान करते हुए विकास कार्यों को जनता को समर्पित किया जा रहा है।
डॉ नीलकंठ तिवारी ने कहा कि हाल ही में योगी सरकार के दूसरे कार्यालय का एक वर्ष पूरा हुआ है। इस क्रम में लगातार जन-जन से जुड़े मूल-भूत सुविधाएं को पूरा करने का कार्य किया जा रहा है। विशेष जोर देते हुए उन्होंने कहा कि वाराणसी शहर दक्षिणी विधानसभा में करीब 55 से अधिक मिनी ट्यूबेल को लगाकर प्रदेश में पहले स्थान की वरीयता प्राप्त है। वर्तमान में जनता की मूलभूत समस्याओं के समाधान के लिए एक विशेष प्रावधान किया गया है। दक्षिणी विधानसभा में विगत छह वर्षों में विकास के प्रत्येक संभावनाओं पर कार्य किया गया है। स्वास्थ्य, शिक्षा, कौशल केंद्र, पर्यटन, मठ मंदिर, पार्क, कुंड समस्त क्षेत्रों में विकास कार्य किया गया है। सड़क, ओवरब्रिज की योजनाएं जो वर्षों से फाइल में दबी पड़ी हुई थी, उसे भी पूर्ण करने का कार्य किया गया है।
कार्यक्रम में ही विधायक डॉ नीलकंठ तिवारी ने अपने विधायक निधि से 45.46 लाख की लागत से दो तथा त्वरित विकास योजना अंतर्गत 282.23 लाख की लागत से 15 सहित कुल 327.69 लाख की लागत से होने वाले 17 विभिन्न विकास एवं निर्माण कार्यों का उद्घाटन किया। इसी प्रकार उन्होंने त्वरित योजना अंतर्गत 296.59 लाख की लागत से होने वाले कुल नौ तथा पूर्वांचल विकास निधि योजना अंतर्गत 33.66 लाख की लागत से दो सहित कुल 330.25 लाख की लागत से 11 विकास एवं निर्माण कार्यों का शिलान्यास किया।
पूर्व मंत्री डॉक्टर नीलकंठ तिवारी ने अपने विधायक निधि से 45.46 लाख रुपये की लागत से कराए गए कार्यों को विस्तार से उल्लेख किया। उन्होंने शिलान्यास किए गए सभी 11 कार्यों से संबंधित कार्यदायी संस्थाओं के अभियंताओं को निर्देशित करते हुए कहा कि सभी कार्यों को मानक के अनुरूप गुणवत्ता के साथ युद्ध स्तर पर अभियान चलाकर निर्धारित समय सीमा में पूर्ण करें।
कार्यक्रम में भाजपा महानगर अध्यक्ष विद्यासागर राय, डॉ आलोक श्रीवास्तव, आत्मा विशेश्वर, नीरज जायसवाल, दिलीप साहनी, साधना वेदांती, तीनों मंडल अध्यक्ष नलिन नयन मिश्र, संदीप चौरसिया, गोपाल गुप्ता आदि भी मौजूद रहे।
श्रीधर
