– जलाभिषेक कर षोडशोपचार पूजन
वाराणसी (हि.स.)। भारत के प्रधानमंत्री और वाराणसी जिले के सांसद नरेंद्र मोदी के जन्म दिवस पर शनिवार को श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में विविध आयोजन कर उनकी दीर्घायु की कामना की गई।
मंदिर परिसर में प्रातः लघु रूद्र पाठ का आयोजन किया गया जिसमें 21 वैदिक ब्राह्मणों ने मंदिर के अर्चक टेक नारायण उपाध्याय के आचार्यत्व में रुद्री पाठ किया। इसके बाद बाबा का षोडशोपचार पूजन कर जलाभिषेक किया गया। जन्मदिन के अवसर पर दो कुंटल लड्डू का प्रसाद चढ़ाया गया।
मंदिर परिसर में प्रधानमंत्री के 72वें जन्मदिन पर 72 बटुकों को अंग वस्त्र प्रसाद देकर सम्मानित भी किया गया। इसके पश्चात मुमुक्षु भवन में रह रहे वृद्ध जनों को भी दैनिक उपयोग की चीजें उपहार स्वरूप भेंट की गई और प्रधानमंत्री के दीर्घायु की कामना की गई।
इस मौके पर शहर दक्षिणी के विधायक डाॅ नीलकंठ तिवारी, मंदिर के मुख्य कार्यपालक अधिकारी सुनील कुमार वर्मा, भाजपा महानगर अध्यक्ष विद्यासागर राय, अपर मुख्यकार्यपालक अधिकारी निखलेश कुमार मिश्रा आदि भी मौजूद रहे।
श्रीधर
