Sunday, February 15, 2026
Homeउत्तर प्रदेशप्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन पर भूपेन्द्र चौधरी ने किया हनुमान चालीसा का...

प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन पर भूपेन्द्र चौधरी ने किया हनुमान चालीसा का पाठ

लखनऊ (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) आज प्रदेश भर में मना रही है। प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर भाजपा कार्यकर्ता अस्पतालों में फल वितरण, मंदिरों में दर्शन पूजन और हवन यज्ञ कर उनके दीर्घायु होने की कामना कर रहे हैं। अयोध्या, काशी और मथुरा के संत भी प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर अनुष्ठान कर रहे हैं।

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर लखनऊ में हनुमान सेतु स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर में प्रभु श्रीराम जी के अनन्य भक्त प्रभु बजरंगबली जी का विधि-विधान से दर्शन-पूजन एवं हनुमान चालीसा का पाठ कर उनके दीर्घायु, उत्तम स्वास्थ्य एवं यशस्वी जीवन की कामना की है।

इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि राष्ट्रसेवा और जनहित को सर्वोपरि रखने वाले सच्चे कर्मयोगी, निस्वार्थ भाव से राष्ट्र की सेवा में निरंतर अपना सर्वस्व समर्पित कर रहे नरेन्द्र मोदी आदर्शवादी और विश्व के सबसे लोकप्रिय राजनेता हैं। वह नव विचारधारा के प्रवर्तक और करोड़ों भाजपा कार्यकर्ताओं के प्रेरणास्रोत हैं।

भूपेन्द्र चौधरी ने कहा कि नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में राष्ट्र पुनर्निर्माण में भागीदार बनना मेरे लिए परम सौभाग्य की बात है। मैं ईश्वर से आपके उत्तम स्वास्थ्य, यशस्वी जीवन एवं सदैव प्रसन्न रहने की कामना करता हूँ।

प्रदेश अध्यक्ष के साथ भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष विजय बहादुर पाठक, अवध क्षेत्र के अध्यक्ष कमलेश मिश्रा, लखनऊ महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी, एमएलसी मुकेश शर्मा और नीरज सिंह समेत दर्जनों कार्यकर्ताओं ने हनुमान चालीसा का पाठ किया।

बृजनन्दन/दिलीप

RELATED ARTICLES

Most Popular