प्रियंका गांधी ने डाला डेरा,ममता बनर्जी शहर में ,अखिलेश यादव,जयंत चौधरी के साथ करेगी जनसभा,केन्द्रीय मंत्री स्मृति ईरानी का जनसम्पर्क, नुक्कड़ सभा
वाराणसी (हि.स.)। प्रदेश विधानसभा चुनाव के सातवें और अन्तिम चरण के मतदान के पूर्व प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में गुरूवार को विरोधी दलों के दिग्गज नेताओं के साथ भाजपा के भी राष्ट्रीय स्तर के नेता और केन्द्रीय मंत्री जुट रहे हैं ।
सियासी घमासान के बीच विरोधी दलों के नेता जहां भाजपा सरकार को घेर अपने प्रत्याशियों के लिए माहौल बनाने की पुरजोर कोशिश करेंगे। वहीं, भाजपा के दिग्गज वाराणसी सहित पूर्वांचल के सियासी दुर्ग को बचाने के साथ इनकी संख्या बढ़ाने की आक्रामक रणनीति 300 पार का लक्ष्य लेकर चल रहे है।
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और टीएमसी प्रमुख ममता बनर्जी समाजवादी पार्टी के गठबंधन को विजय दिलाने के लिए शहर में मौजूद है। सपा मुखिया अखिलेश यादव और रालोद मुखिया जयंत चौधरी कुछ ही देर में शहर में आ जायेंगे। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ने भी शहर में डेरा डाल दिया है।
केन्द्रीय मंत्री स्मृति ईरानी भी कुछ देर में शहर में आकर भाजपा प्रत्याशियों के पक्ष में माहौल बनाने के साथ मोहल्ले स्तर पर जनसभा करेगी। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने कबीर चौरा मठ में प्रवास कर पार्टी का प्रचार करेगीं। 1934 में महात्मा गांधी , पं जवाहरलाल नेहरू,गुरु रविंद्रनाथ टैगोर भी यहां आये थे। प्रियंका गांधी की पूरी कोशिश है कि कबीर चौरा मठ बड़ा राजनीतिक संदेश दे। प्रियंका दलित एवं अति पिछड़ा वर्ग के मतदाताओं को रिझाने के लिए पूरा प्रयास कर रही है।
श्रीधर
