– मोदी सरकार के नौ साल पूरे होने पर भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जमाल सिद्दीकी ने की प्रेसवार्ता
बलिया (हि.स.)। केन्द्र में मोदी सरकार के नौ साल पूरे होने पर भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जमाल सिद्दीकी ने उपलब्धियां गिनाई। शहर के एक होटल में शुक्रवार को आयोजित प्रेसवार्ता में श्री सिद्दीकी ने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत सरकार द्वारा उठाए गए कदमों को पूरी दुनिया अपना रही है।
उन्होंने कहा कि मोदी युग में देश की राजनीति में परिवर्तन आया है। जातिवाद, शोषण व गुंडागर्दी को खत्म किया गया है। इसके पहले देश में परिवारवाद था। प्रधानमंत्री मोदी ने देश में एक ऐसा माहौल बनाया है। जिससे साधारण लोक कार्यकर्ता को भी राजनीति में आगे बढ़ने का अवसर मिला है।
केन्द्र सरकार की उपलब्धियों का बखान करते हुए जमाल सिद्दीकी ने कहा कि मोदी ने पिछले नौ सालों में सरकार को गरीब कल्याण के लिए समर्पित किया है। पहले गरीबी हटाओ का नारा दिया जाता था लेकिन गरीबी नहीं हटती थी। कोरोना काल में भारत की तरफ दुनिया देखती थी। पीएम मोदी ने कोरोना से देश को बचाया। पूरी दुनिया ने कोरोना को लेकर उठाए गए भारत के कदमों को अपनाया है। दुनिया ने देखा कि किस तरह से 140 करोड़ लोगों को समय के अंदर दो डोज लगवाया गया।
पीएम स्वनिधि योजना से गरीबों के जीवन में आया उजाला
कोरोना के समय से 80 करोड़ परिवारों को राशन दिया जा रहा है। इसमें कहीं कोई भेद नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि भाजपा का कार्यकर्ता भी सबकी सेवा में लगे रहे। बीते नौ सालों में कार्यकर्ताओं ने मोदी सरकार की योजनाओं को जमीन पर उतारने में सहयोग किया। पीएम स्वनिधि योजना से गरीबों के जीवन में उजाला आया है।
वर्तमान में दुनिया भर में है महंगाई, लेकिन भारत में नहीं
उन्होंने कहा कि वर्तमान में दुनिया भर में महंगाई है। लेकिन भारत में महंगाई नहीं है। यहां पर महंगाई दर महज 6.3 प्रतिशत है। क्योंकि पीएम ने सभी के लिए कार्य किया। सबका साथ लेकर काम किया। न लिंग भेद किया, न जाती भेद किया और न धर्म भेद किया। उन्होंने महिलाओं के जीवन को बेहतर बनाया। पीएम गरीब के बेटे हैं। उन्हें गरीब का दर्द मालूम है। उन्होंने उज्ज्वला योजना के जरिए फ्री गैस सिलेंडर दिया। जिसमें अकेले एक करोड़ 75 लाख यूपी में दिया गया है। आजादी के बाद आज तक बिजली कनेक्शन नहीं था। 75 लाख बिजली कनेक्शन यूपी में दिया गया है। हमारी सरकार ने देश में पेयजल संकट दूर किया। उत्तर प्रदेश में ही नल जल योजना के माध्यम से एक करोड़ आठ लाख घरों में पीने का जल पहुंचाया गया।
उन्होंने बताया कि आज देश में मोदी ने सात साल में पंद्रह एम्स खुलवाए हैं। महिलाओं के सम्मान के लिए शौचालय बनवाए गए। जिसके तहत उत्तर प्रदेश में दो करोड़ 22 लाख इज्जत घर बनवाए गए हैं। कहा कि विपक्ष कोशिश कर रहा है, लेकिन एक भी भ्रष्टाचार नहीं निकाल सका है। टूजी और कोयला घोटाले का जिक्र करते हुए कहा कि पहले रोज घोटाले होते थे। आज तक एक पैसे का घोटाला नहीं हुआ है।
वहीं, प्रभारी मंत्री दयाशंकर मिश्रा दयालु ने कहा कि केंद्र की योजनाएं गरीबों के लिए हैं। जिले में मॉडल बस स्टेशन बनने जा रहा है। जल निकासी के लिए तीन सौ करोड़ की योजना पर काम हो रहा है। अब तो केंद्र व प्रदेश सरकार में योजनाओं को समय से पूरा किया जाता है।
नौ साल में देश का हुआ कायाकल्प : मस्त
प्रेसवार्ता में लोकसभा सांसद वीरेन्द्र सिंह मस्त ने कहा, नौ साल के मोदी के कार्यकाल में देश का कायाकल्प हुआ है। 2014 के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने देश की संसदीय राजनीति में भरोसे का संकट दूर किया है। गांव, गरीब व किसान की चिंता मोदी ने की। अपनी सांसद निधि का हिसाब देते हुए कहा कि चार साल में जिला लोकसभा क्षेत्र के अस्पतालों में ऑक्सीजन प्लांट लगा है। जगह-जगह सत्संग भवन बनाए गए हैं। ऐतिहासिक भृगु मन्दिर के कॉरिडोर का कार्य शुरू हुआ है। कहा कि भारत सरकार की विभिन्न योजनाओं के तहत सड़कें बनवाई जा रही हैं। यूपी का पहला ग्रीन फील्ड एक्सप्रेस-वे बलिया में बन रहा है। गांवों को जोड़ने के लिए लिंक रोड भी बन रहे हैं। कुल 25 हजार करोड़ की सड़कें बन रही हैं।
श्री मस्त ने कहा कि बलिया और गाजीपुर मोटे अनाज के पैदा करने के प्रमुख जिले हैं। हर ब्लाक पर मोटे अनाज के बीज वितरण किए जाएंगे। मोटे अनाज को पीएम ने दुनिया भर में मान्यता दिलाई है। इससे देश के छोटे किसानों का जीवन बेहतर बनेगा।
इस अवसर पर राज्यसभा सांसद नीरज शेखर, भाजपा जिलाध्यक्ष जयप्रकाश साहू व पूर्व मंत्री उपेन्द्र तिवारी भी थे।
एन पंकज/राजेश
