वाराणसी (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रस्तावित वाराणसी दौरे को लेकर भाजपा के निकाय प्रकोष्ठ के पदाधिकारियों ने भी तैयारी शुरू कर दी है। प्रधानमंत्री के जनसभा में कार्यकर्ताओं की भागीदारी और मिशन 2022 को लेकर रविवार को काशी क्षेत्र कार्यालय रोहनिया में पार्टी के निकाय प्रकोष्ठ की बैठक हुई।
बैठक में प्रदेश संयोजक अमित अग्रवाल, महापौर डॉ.मृदुला जायसवाल, प्रयागराज महापौर अभिलाषा गुप्ता, पूर्व महापौर वाराणसी रामगोपाल मोहले ने संयुक्त रूप से डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी तथा पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन कर बैठक का शुभारंभ किया।
अमित अग्रवाल ने मेहंदीगंज कल्लीपुर में प्रधानमंत्री की प्रस्तावित जनसभा को लेकर तैयारियां की जानकारी ली। इसके बाद मिशन 2022 में ज्यादा से ज्यादा सीट जिताने के लिए रणनीति पर विमर्श किया। उन्होंने वार्ड तथा बूथ स्तर पर लोगों के बीच केन्द्र और राज्य सरकार के जन कल्याणकारी योजनाओं को पहुंचाने का निर्देश दिया।
बैठक में महेंद्र सिंह गौतम क्षेत्र सह संयोजक, महेश जायसवाल, गिरीश चंद्र श्रीवास्तव, दिनेश चौरसिया सहित काशी क्षेत्र के 16 जिलों के संयोजक, सह संयोजक और चेयरमैन उपस्थित रहे।
