रायबरेली (हि.स.)। समाजवादी पार्टी के विधायक और प्रदेश प्रवक्ता द्वारा प्रधानमंत्री मोदी पर की गई कथित टिप्पणी अब उनके लिए मुसीबत बन गई है। सोशल मीडिया में बयान का वीडियो वॉयरल होने के बाद रायबरेली भाजपा के पदाधिकारियों ने इसे गम्भीरता से लेते हुए प्रदेश के बड़े नेताओं से इस पर संज्ञान लेने का अनुरोध किया। आनन-फानन में भाजपा के बड़े नेता भी इस पर सक्रिय हुए और शासन के वरिष्ठ अधिकारियों की हरी झंडी मिलते ही विधायक पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया।
रविवार को विधायक की टिप्पणी को लेकर पार्टी के पूर्व अनुसूचित मोर्चा के अध्यक्ष दिलीप चौधरी और मण्डल अध्यक्ष शैलेन्द्र सिंह ने ऊंचाहार थाने में तहरीर दी। पुलिस ने इस इस मामले में दिलीप चौधरी की तहरीर पर कई धाराओं में विधायक मनोज पांडे पर मुकदमा दर्ज करते हुए जांच शुरू कर दी है। कोतवाल विनोद सिंह का कहना है कि मुकदमा दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।
विदित हो कि विधायक और सपा के वरिष्ठ नेता मनोज पांडे शनिवार को अपने विधानसभा क्षेत्र के पट्टी रहस कैथवल के दौरे पर थे। यहां उन्होंने कार्यकर्ताओं के साथ मीटिंग में बातचीत के दौरान प्रधानमंत्री पर भी कई टिप्पणी की। विधायक यहीं नहीं रुके उन्होंने कहा कि 2022 में उनकी प्रदेश में उनकी सरकार बनेगी तो वह सबको आवास मुहैया कराएंगे। सोशल मीडिया पर विधायक का वीडियो वॉयरल होने पर स्थानीय स्तर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है।
वीडियो को लेकर सोशल मीडिया पर सपा और भाजपा समर्थक आमने आ गए हैं। हालांकि इस वीडियो के सम्बंध में विधायक की तरफ से अभी तक कोई बयान नहीं आया है। दूसरी तरफ चुनाव के पहले वॉयरल हुए इस वीडियो पर राजनीति भी शुरू हो गई है। कांग्रेस के निलम्बित विधायक और एमएलसी दिनेश प्रताप सिंह के भाई राकेश सिंह ने भी पांडे पर निशाना साधते हुए उनकी तुलना धृतराष्ट्र से कर डाली। यही नहीं उन्होंने सोच पर भी सवालिया निशान उठाया है।
