Sunday, February 15, 2026
Homeउत्तर प्रदेशप्रधानमंत्री पर अभद्र टिप्पणी को लेकर वाराणसी में तैनात अवर अभियन्ता प्रवीण...

प्रधानमंत्री पर अभद्र टिप्पणी को लेकर वाराणसी में तैनात अवर अभियन्ता प्रवीण कुमार निलम्बित

 

लखनऊ। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के खिलाफ अभद्र टिप्पणी करने वाले वाराणसी में तैनात अवर अभियन्ता प्रवीण कुमार के खिलाफ शासन ने कड़ा रवैया अपनाया है। आरोपित अवर अभियन्ता (यांत्रिक) नलकूप खण्ड-प्रथम को तत्काल प्रभाव से निलम्बित कर दिया गया है। 
प्रवीण कुमार ने अपने फेसबुक वाल पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विरुद्ध अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए अमर्यादित टिप्पणी की थी। इसके साथ ही अवर अभियन्ता को राजनीतिक दलों के साथ फोटो शेयर, फेसबुक पर स्वयं को चकिया विधान सभा के भावी विधायक के रूप में फोटो शेयर करते हुए उत्तर प्रदेश तथा केन्द्र सरकार की नीतियों का विरोध और विगत 26 अगस्त से बिना सूचना व अवकाश के अनुपस्थित रहने का दोषी पाया गया। मुख्य अभियन्ता, नलकूप वाराणसी तथा जिलाधिकारी वाराणसी द्वारा निलम्बित करने की संस्तुति के आधार पर सम्बन्धित अवर अभियन्ता को तत्काल प्रभाव से निलम्बित कर दिया गया है।
प्रमुख अभियन्ता (यांत्रिक) देवेन्द्र अग्रवाल की ओर से शनिवार को निलम्बन आदेश जारी कर दिया गया है। इसके साथ ही प्रवीण कुमार के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई संस्थित करते हुए निलम्बन की अवधि में उन्हें मेरठ कार्यालय से सम्बद्ध कर दिया गया है।

RELATED ARTICLES

Most Popular