Saturday, March 28, 2026
Homeउत्तर प्रदेशप्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पूरी दुनिया को योग से जोड़कर भारत का...

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पूरी दुनिया को योग से जोड़कर भारत का गौरव बढ़ाया: रजनी तिवारी

योग मस्तिष्क और शरीर के संबल का प्रतीक : रजनी तिवारी

हरदोई (हि.स.)। नौ वें अंतर-राष्ट्रीय योग दिवस पर उच्च शिक्षा राज्यमंत्री रजनी तिवारी ने कहा कि प्रधानमन्त्री नरेन्द्र मोदी ने पूरी दुनिया को योग से जोड़कर भारत का गौरव बढ़ाया है।

बुधवार को नालन्दा शिक्षण संस्थान में नगर पालिका परिषद की ओर से आयोजित योग पर्व में जनसमूह को सम्बोधित करते हुए उच्च शिक्षा राज्य मंत्री ने कहा कि योग, आयुर्वेद और आध्यात्मिक जीवन शैली के अनुगमन की प्रवृत्तियां ही प्रचंड भोगवाद और श्रेष्ठता के दंभ में डूब रही मनुष्यता की रक्षा में सबल और समर्थ साधन हैं। भारत की सनातन संस्कृति प्रारम्भ से ही ‘सर्वे भवन्तु सुखिन:,सर्वे सन्तु निरामया’ की उद्घोषक रही है। हमारा योगमय दिव्य जीवन इस वैदिक उद्घोष की संपूर्ति में सहायक सिद्ध होगा।

आहार शुद्धि, विचार शुद्धि, भाव शुद्धि के साथ प्राणी मात्र के साथ सह अस्तित्व का भाव और विश्व कल्याण की शुभ भावना ही संसार को एकता के सूत्र में पिरोने के लिए समर्थ है। अतः आदर्श समाज और सार्थक जीवन का मार्ग योग और अध्यात्म के समायोजन से ही संपन्न है। कहा कि योग मस्तिष्क और शरीर के संबल का प्रतीक है।

उन्होंने कहा कि योग मनुष्य और प्रकृति के बीच सामंजस्य है। विचार, संयम और स्वास्थ्य पूर्ति प्रदान करने वाला है तथा स्वास्थ्य और भलाई के लिए एक समग्र दृष्टिकोण को भी प्रदान करने वाला है। यह व्यायाम के बारे में नहीं है, लेकिन अपने भीतर एकता की भावना, दुनिया और प्रकृति की खोज के विषय में है। हमारी बदलती जीवन-शैली में यह चेतना बनकर, हमें जलवायु परिवर्तन से निपटने में मदद कर सकता है।

योग पर्व में उपजिलाधिकारी धीरेन्द्र श्रीवास्तव, पुलिस उपाधीक्षक हेमन्त उपाध्याय, प्रभारी निरीक्षक सुरेश कुमार मिश्र, ब्लॉक प्रमुख त्रिपुरेष मिश्र, अधिशाषी अधिकारी आर आर अंबेश, खण्ड शिक्षा अधिकारी अनिल कुमार झा, सुनील गुप्ता, ब्रह्माकुमारी लवली, अश्वनी कुमार गुप्ता, प्रधानाचार्य अनिल कुमार निगम, नुरुल हुमा,सत्येन्द्र श्रीवास्तव, राम सनेही मिश्र, हाशिम,असद हुसैन, दीप कमल राठौर,अमित मिश्र, राकेश गुप्ता,रमाकांत मौर्य, राजस्व निरीक्षक अनस खां, सफाई निरीक्षक दीपक आदि उपस्थित रहे।

‘हर आंगन योग’ की थीम पर पुलिस लाइन में भी योग

जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह, पुलिस अधीक्षक राजेश द्विवेदी जनपद स्तरीय अधिकारियों, कर्मचारियों, शिक्षिकों, छात्र-छात्राओं तथा नगरवासियों की उपस्थिति में 9वां अन्तर-राष्ट्रीय योग दिवस बुधवार को पुलिस लाइन ग्राउन्ड में ‘हर आंगन योग’ की थीम पर योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। नागरिकों ने अपनी गरिमामयी उपस्थित से कार्यक्रम को भव्यता प्रदान की।

अम्बरीष

RELATED ARTICLES

Most Popular