Wednesday, April 1, 2026
Homeउत्तर प्रदेशप्रधानमंत्री दौरा: जनसभा स्थल की सुरक्षा व्यवस्था एसपीजी ने संभाली

प्रधानमंत्री दौरा: जनसभा स्थल की सुरक्षा व्यवस्था एसपीजी ने संभाली

– प्रधानमंत्री के लिए बने स्विस काॅटेज, मंच, हेलीपैड पर फोर्स तैनात

वाराणसी (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सोमवार को प्रस्तावित वाराणसी दौरे की तैयारियों को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशन में रविवार को अन्तिम रूप दे दिया गया। मुख्यमंत्री के जनसभा स्थल के निरीक्षण के बाद ही एसपीजी के अफसरों ने वहां सुरक्षा व्यवस्था की कमान अपने हाथ में ले ली।

जनसभा स्थल पर बने वीआईपी गेट और अन्य दो प्रवेश द्वार, हेलीपैड सहित मंच के पास प्रधानमंत्री के लिए बने स्विस काटेज को एसपीजी अधिकारियों ने अपने कब्जे में ले लिया। सुरक्षा व्यवस्था को चौकस बनाने के लिए यहां फोर्स तैनात कर दी गई है। जिले के बाहर से बुलाई गई फोर्स भी जनसभा स्थल पर पहुंच गई है। आईजी रेंज एसके भगत और एसपी ग्रामीण अमित वर्मा ने जनसभा स्थल का जायजा भी लिया।

वाराणसी में प्रधानमंत्री के दौरे को देख सोमवार की रात तक पूरे शहर में धारा 144 लागू है। शहर के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में भी पुलिस चेकिंग अभियान चला रही है। ग्रामीण क्षेत्र खास कर रिंगरोड पर और आसपास के होटल, ढाबों और गेस्ट हाउस में पहुंच पुलिस सीसी कैमरे और रजिस्टर की जांच पड़ताल भी कर रही है। लोहता, रोहनिया, मिर्जामुराद, राजातालाब आदि क्षेत्रों में अभियान चलाया गया। जनसभा स्थल के आसपास गांव में पुलिस चक्रमण कर रही है। शहर में रोडवेज, कैंट रेलवे स्टेशन पर भी पुलिस बल मुस्तैद है।

RELATED ARTICLES

Most Popular