-वितरण की अन्तिम तिथि 15 अक्टूबर को मोबाइल ओ.टी.पी. वेरीफिकेशन के माध्यम से वितरण
लखनऊ (हि.स.)। प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के अन्तर्गत अब पात्रों को चावल नहीं सिर्फ पांच किलो गेहूं ही मिलेगा।
गौरतलब है कि पात्रों को जुलाई से नवम्बर, 2021 के लिए 05 किग्रा0 प्रति यूनिट की मात्रानुसार निःशुल्क खाद्यान्न का वितरण किया जा रहा है।
इसके लिए निर्गत आवंटन अक्टूबर एवं नवम्बर, 2021 के अन्तर्गत तीन किग्रा गेहूं तथा दो किग्रा चावल प्रति व्यक्ति के स्थान पर कुल पांच किग्रा गेहूं प्रति व्यक्ति प्रति माह की दर से वितरण के निर्देश दिये गये हैं।
अपर खाद्य आयुक्त, अनिल कुमार दुबे ने बताया कि पीएमजीकेएवाई योजना के अन्तर्गत आवश्यक वस्तुओं का वितरण पांच से प्रारम्भ होकर 15 अक्टूबर तक सम्पन्न होगा। इस अवधि में अन्त्योदय तथा पात्र गृहस्थी लाभार्थियों से सम्बद्ध यूनिटों पर पांच किग्रा गेहूं प्रति यूनिट का निःशुल्क वितरण लाभार्थियों में सुनिश्चित कराया जायेगा। राशन कार्डधारकों को पोर्टेबिलिटी के अन्तर्गत खाद्यान्न प्राप्त करने की सुविधा अनुमन्य रहेगी।
श्री दुबे ने बताया कि वितरण की अन्तिम तिथि 15 अक्टूबर होगी, जिस दिन आधार प्रमाणीकरण के माध्यम से खाद्यान्न प्राप्त न कर सकने वाले उपभोक्ताओं हेतु मोबाइल ओ.टी.पी. वेरीफिकेशन के माध्यम से वितरण सम्पन्न किया जा सकेगा।
श्री दुबे ने बताया कि जिलाधिकारियों द्वारा प्रत्येक उचित दर दुकान पर आवश्यक वस्तुओं के वितरण का एक रोस्टर निर्धारित किया जायेगा तथा सम्पूर्ण वितरण को कम से कम 08 दिवसों में विभक्त करते हुये सुविधाजनक ढंग से वितरण कराया जायेगा, ताकि उचित दर दुकानों पर भारी भीड़ इकट्ठी न हो तथा सर्वे स्लो होने की स्थिति में उपभोक्ताओं को अनावश्यक देर तक प्रतीक्षा करने की असुविधा का सामना न करना पड़े। कोविड-19 महामारी के दृष्टिगत ई-पॉस से वितरण के समय प्रत्येक उचित दर दुकान पर सेनिटाईजर, साबुन, पानी रखा जाएगा और हस्तप्रक्षालन के उपरान्त ही ई-पॉस मशीन का प्रयोग किया जाएगा।
अपर आयुक्त ने बताया कि उचित दर दुकानों पर टोकन सिस्टम लागू करते हुये सुनिश्चित किया जाएगा कि एक दुकान पर एक समय पांच से अधिक उपभोक्ता न रहें और सोशल डिस्टेन्सिंग बनाये रखने के लिए दो उपभोक्ताओं के मध्य कम से कम दो गज की दूरी रखी जाए।
प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजनान्तर्गत आवंटित खाद्यान्न का वितरण पूर्णतया निःशुल्क है और इसका वितरण अन्त्योदय एवं पात्र गृहस्थी दोनों प्रकार के कार्डधारकों में पांच किग्रा0 गेहूं, प्रति यूनिट के आधार पर निःशुल्क किया जायेगा।
