लखनऊ (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन पर नगर विकास विभाग ने स्वच्छता पखवाड़ा के रूप में मनाने का फैसला किया है। इसकी शुरूआत शनिवार को नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने स्वयं झाड़ू उठाकर की। उन्होंने सफाई कर्मियों के साथ मिलकर जनपथ मार्केट में झाड़ू लगाया और लोगों को स्वच्छता का संदेश दिया। यह पूरे प्रदेश में 15 दिन तक अभियान के रूप में चलेगा।
प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए0के0 शर्मा ने सभी नगरीय निकायों में सेवा पखवाड़ा को स्वच्छता पखवाड़ा के रूप में मनाने का आह्वान किया है। इस दौरान उन्होंने नगर निगम मुख्यालय, लखनऊ से जनपथ मार्केट के गेट के पास तक सफाई कर्मियों के साथ मिलकर स्वयं झाड़ू लगाई और लोगों को स्वच्छता का संदेश दिया। इस दौरान उन्होंने वहां पर पान की गुमटी चलाने वाले अजय शंकर को भी टोका, जिन्होंने अपने गुमटी के सामने सफाई नहीं कर रखी थी। उन्होंने कहा कि बिना जन सहभागिता के शहरों को स्वच्छ नहीं बनाया जा सकता, जिसमें सभी की भागीदारी जरूरी।
नगर विकास मंत्री ने कहा कि स्वस्थ रहने के लिए स्वच्छ रहना जरूरी है। स्वच्छता के लिए सभी को एक साथ मिलकर कदम से कदम मिलाने होंगे।
उपेन्द्र
