काशी विश्वनाथ से जुड़ा केदारनाथ धाम,आदि गुरु शंकराचार्य प्रतिमा अनावरण का लाइव प्रसारण, विश्वनाथ कॉरिडोर परिसर में साधु-संत भी जुटे
वाराणसी (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शुक्रवार को केदारनाथ धाम पहुंचे। वहां उन्होंने मंदिर में पहुंच बाबा केदारनाथ का आशीर्वाद लिया। गर्भगृह में प्रधानमंत्री ने लगभग 18 मिनट तक पूजा अर्चना करने के बाद पूरे आस्था के साथ स्वयंभू शिवलिंग की परिक्रमा की।
पूजा के दौरान पुरोहितों ने उन्हें अगले पांच साल प्रधानमंत्री बनने की भी कामना की। इसके बाद पीएम मोदी ने आदि शंकराचार्य की 12 फीट ऊंची प्रतिमा का अनावरण किया। प्रधानमंत्री के इस कार्यक्रम को उनके संसदीय क्षेत्र काशी में भी साधु संतों के साथ भाजपा कार्यकर्ताओं,जनप्रतिनिधियों के साथ आम नागरिकों ने भी लाइव देखा।
इस मौके पर केदारनाथ धाम और श्री काशी विश्वनाथ धाम आपस मे जुड़ गए। केदारधाम से कार्यक्रम का विशेष लाइव प्रसारण काशी विश्वनाथ धाम परिसर में किया गया। कार्यक्रम का प्रसारण केदारघाट स्थित केदारनाथ मंदिर परिसर, मार्कण्डेय महादेव कैथी, शूलटंकेश्वर महादेव, रामेश्वर महादेव एवं सारनाथ स्थित सारंग नाथ मंदिर परिसर में एलईडी वॉल, एलसीडी स्क्रीन व एलईडी वैन के माध्यम से किया गया।
प्रधानमंत्री के कार्यक्रम के बाद शिवालयों में विधिवत पूजन अर्चन के साथ रुद्राभिषेक हुआ,भजन मंडली ने कीर्तन गाया। विश्वनाथ धाम में प्रदेश के पर्यटन, संस्कृति एवं धर्मार्थ कार्य मंत्री डॉ0 नीलकंठ तिवारी ने उपस्थित सभी धर्माचार्य और अर्चकों व शास्त्री को अंग वस्त्र रुद्राक्ष की माला और दुपट्टा प्रसाद देकर सम्मानित किया।
कार्यक्रम में उपस्थित कमिश्नर दीपक अग्रवाल ने धर्मार्थ कार्य मंत्री, महापौर मृदुला जायसवाल सहित कई गणमान्य लोगों का सम्मान किया। इस कार्यक्रम के पश्चात सभी ने परिसर में प्रसाद ग्रहण किया।
मंदिर के मुख्य कार्यपालक अधिकारी सुनील कुमार वर्मा ने बताया कि अन्नकूट के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम में स्वामी जितेंद्रानंद सरस्वती, पातालपुरी मठ के महंत बालक दास, भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष महेश चंद्र श्रीवास्तव आदि भी मौजूद रहे।
इसी क्रम में सारंग नाथ मंदिर, सारनाथ में सारंग भगवान का पूजन करने के उपरांत प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में प्रदेश के राज्यमंत्री रविन्द्र जायसवाल के साथ भाजपा कार्यकर्ता,साधु संत भी वर्चुअल जुड़े। कार्यक्रम का संयोजन भारतीय जनता पार्टी महानगर के पदाधिकारी जगदीश त्रिपाठी ने किया।
