आगरा(हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के केदारनाथ यात्रा को लेकर प्रशासन द्वारा शिवालयों पर एलईडी लगाकर लाइव कार्यक्रम चलाया गया, आगरा में पांच स्थानों पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें प्रशासन के साथ जनप्रतिनिधियों ने भी हिस्सा लिया।
आगरा के कैलाश महादेव मंदिर पर राज्यसभा सांसद हरिद्वार दुबे व विधायक हेमलता दिवाकर कार्यक्रम में शिरकत करने पहुंचे। प्रशासन द्वारा मंदिर परिसर में एलईडी पर केदारनाथ यात्रा का लाइव प्रसारण दिखाया गया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जलाभिषेक के बाद सभी ने शिवालय में जलाभिषेक किया।
इस मौके पर राज्य सभा सांसद हरिद्वार दुबे ने कहा कि प्रधानमंत्री जी दीपावली का उत्सव हमेशा सेना के जवानों के बीच में पहुंचकर मनाते हैं। देश में विकास हर वर्ग को ध्यान में रखकर किया जा रहा है। प्रदेश सरकार में धार्मिक स्थानों पर भी विकास कार्य कराए हैं। कार्यक्रम में प्रशासनिक अमला के साथ राज्यसभा सांसद हरिद्वार दुबे विधायक हेमलता दिवाकर अशोक कुलश्रेष्ठ विनीत शर्मा मंदिर के महंत महेश गिरी लोग उपस्थित थे।
