लखनऊ(हि.स.)। प्रयागराज में दलित जनों की हत्या में आम आदमी पार्टी (आप) के कार्यकर्ताओं ने प्रदेश स्तर पर प्रदर्शन किया। लखनऊ में परिवर्तन चौक पर प्रदर्शन कर रहे आप कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर बाद में छोड़ दिया गया।
परिवर्तन चौक पर प्रदर्शन करने को जुटे कार्यकर्ताओं के साथ महिला विंग की प्रदेश अध्यक्ष नीलम मौजूद थी। नीलम सहित कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार पर आरोपों की झड़ी लगाते हुए परिवर्तन चौक पर सड़क जाम कर दिया।
रविवार को सड़क पर आवागमन कम होने के कारण पहले यातायात बाधित नहीं हुआ लेकिन बाद में यातायात प्रभावित होने पर पुलिसकर्मियों ने आप कार्यकर्ताओं को वज्र वाहन पर बैठाकर ईको गार्डन भेज दिया। जहां मांगों का ज्ञापन देकर आप कार्यकर्ता छूटे।
लखनऊ की तरह ही कानपुर, गाजियाबाद, भदोही, बदायूं, चित्रकूट, जौनपुर, अयोध्या, झांसी जनपदों में आप कार्यकर्ता सड़क पर उतरे और प्रदर्शन कर प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों को ज्ञापन दिया।
