-प्रत्येक थाने में 12 से 16 सीसीटीवी कैमरे लगेंगे
लखनऊ(हि.स.)। प्रदेश की पुलिसिंग में बेहतरी लाने के लिए उत्तर प्रदेश सरकार ने पुलिस थानों में सीसीटीवी कैमरे लगाने जा रही है। पुलिस थानों में पीडि़त के उत्पीड़न को रोकने से लेकर पुलिसकर्मियों के व्यवहार में सुधार लाने की दृष्टि से महत्वपूर्ण परियोजना को योगी कैबिनेट ने मंजूरी प्रदान कर दी है। कैबिनेट ने यह निर्णय सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर लिया। इसके लिए 300 करोड़ रुपये के बजट को मंजूरी भी प्रदान कर दी गई है। इसके तहत राज्य के प्रत्येक थाने में 12 से 16 सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे।
सुप्रीम कोर्ट ने दिसंबर 2020 में देश के सभी थानों और जांच एजेंसियों के कार्यालयों में सीसीटीवी कैमरे लगवाने के निर्देश दिए थे। व्यक्तिगत स्वतंत्रता के अधिकार की रक्षा के लिए ऐसा कदम उठाए जाने की जरूरत पर जोर दिया गया है। सुप्रीम कोर्ट ने एक याचिका का निस्तारण करते हुए निर्देश दिया था कि थाने के हर हिस्से में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं और उनकी आडियो-वीडियो रिकार्डिंग सुरक्षित रखी जाए। सरकार के फैसले के तहत थाने के प्रवेश द्वार से लेकर हवालात, पूछताछ कक्ष, थानेदार व मुंशी के कक्ष समेत सभी महत्वपूर्ण स्थानों पर सीसीटीवी कैमरा लगेगा। यह भी सुनिश्चित किया जाएगा कि कैमरे चालू स्थिति में रहें।
राज्य सरकार के प्रवक्ता ने बताया कि प्रदेश के हर थाने में 12 से 16 सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। इसके लिए 300 करोड़ रुपये के बजट को कैबिनेट ने मंजूरी प्रदान कर दी है। उम्मीद है कि इस कदम के बाद थानों में मानवाधिकार उल्लंघन की शिकायतें भी कम होंगी।
