झांसी(हि.स.)। प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव ने प्रदेश की भाजपा सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने मुख्यमंत्री को झूठा बताते हुए कहा कि प्रदेश सरकार जनता के बीच अपना इकबाल खो चुकी है। जनता सत्ता परिवर्तन चाहती है। वह मंगलवार को सर्किट हाउस में पत्रकारों से वार्ता कर रहे थे।
सरकार जनता पर से अपना इकबाल खो चुकी है। जितने वादे किए थे, उनमें से एक को भी पूरा नहीं किया। काला धन वापस लाने के लिए वादा किया था क्या किसी को 15 लाख मिले। भ्रष्टाचार 100 दिनों में खत्म करने को कहा था। रोजगार देने की गारंटी ली थी। सबका साथ,सबका विकास और सबके विश्वास की बात की थी लेकिन इसके स्थान पर जनता को मिला क्या ? भुखमरी, बेरोजगारी, महंगाई। बिजली की कीमतें 01 साल में 04 बढ़ गई। दो गुजराती कहां से कहां पहुंच गए। गरीब और गरीब हो गया और कुछ लोग जो धनी थे और धनी होते चले गए। डीजल, पेट्रोल व खाद सब महंगा हो गया। किसी को कोई फायदा नहीं मिला यह सरकार बनाने से।
जनप्रतिनिधियों की कोई नहीं सुनता जनता की कौन सुने
इस सरकार के जनप्रतिनिधियों की कोई नहीं सुनता तो जनता की कौन सुनेगा? यहां पर ब्यूरोक्रेसी का राज चल रहा है। उन्होंने कहा कि हां मैंने योगी जी की तारीफ की थी। उनकी नीतियां हमें कुछ हद तक सही लगती थी लेकिन सुझाव भी दिए थे। उनके बारे में नहीं पूछोगे। सीएम को जनता का ध्यान रखना चाहिए था। सीएम झूठे हैं । योगी सरकार असफल सरकार है ।
अखिलेश से नहीं कोई झगड़ा
एक सवाल के जबाब में कहा कि मेरा अखिलेश जी के साथ कोई झगड़ा नहीं हुआ है। उन्होंने अपमान किया हमारा और नेताजी का। मैंने नेताजी के आदेश पर ही पार्टी बनाई। मैंने बिहार के नीतीश से लेकर न जाने कितने लोगों को जोड़ने का प्रयास किया। लेकिन लोकसभा चुनाव 2014 में मेरे उन प्रयासों को सराहा तक नहीं गया।
कृषि बिल किसान विरोधी
कृषि बिल पर उन्होंने कहा कि कानून किसान विरोधी हैं। किसानों को पूरा समर्थन है हमारा। निजीकरण के नाम पर किसानों पर हमला हुआ है। किसानों की खेती पर हमला हुआ है। उनके लिए कम से कम न्यूनतम समर्थन मूल्य तो सरकार को करना चाहिए था। किसान नेता राकेश टिकैत के मंच के नाम पर हुई हत्या के मामले में उन्होंने कहा कि राकेश टिकैत को किसानों के साथ होना चाहिए, इधर-उधर नहीं जाना चाहिए। हमारा भी समर्थन किसानों के साथ है।
मर्यादा पुरूषोत्तम श्रीराम की नगरी में होगा समापन
कहा सत्ता वही होगी जहां प्रगतिशील समाजवादी पार्टी होगी। उन्होंने कहा कि सामाजिक परिवर्तन रथ यात्रा के दूसरे चक्र की कल ऐतिहासिक शुरुआत हुई है। इसके लिए जिला पार्टी का बहुत बड़ा योगदान है खास तौर पर दीपेंद्र और वीरेंद्र यादव का बड़ा सहयोग रहा है। आज हम महोबा के लिए प्रस्थान कर रहे हैं और उससे आगे बढ़ते हुए 75 जिलों में घूमेंगे। हमने अपनी सामाजिक परिवर्तन यात्रा का शुभारंभ योग योगेश्वर श्री कृष्ण की जन्मभूमि मथुरा से किया था और इसका समापन मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम की नगरी अयोध्या में करेंगे।
