Thursday, March 26, 2026
Homeउत्तर प्रदेशप्रदेश में पिछड़े वर्ग के 15 लाख से ज्यादा छात्रों को मिली...

प्रदेश में पिछड़े वर्ग के 15 लाख से ज्यादा छात्रों को मिली छात्रवृत्ति

लखनऊ (हि.स.)। पिछड़ा वर्ग कल्याण से संबंधित विधानसभा में एक सवाल के जवाब में विभाग के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) नरेंद्र कश्यप ने बताया कि प्रदेश में 15 लाख से ज्यादा पिछड़ा वर्ग छात्रों को छात्रवृत्ति दी गयी है। वित्त वर्ष 2022-2023 में दशमोत्तर छात्रवृत्ति, शुल्क प्रतिपूर्ति योजनान्तर्गत अन्य पिछड़ा वर्ग के 23,44,689 आवेदन प्राप्त हुए। प्राप्त आवेदनों के सापेक्ष 15,96,455 छात्रों को छात्रवृत्ति प्रदान की गई है।

मंत्री ने बताया कि वित्त वर्ष 2022-23 के बजट प्रावधान 1450 करोड़ के सापेक्ष मौजूदा वित्त वर्ष 2023-24 में 1850 करोड़ का बजट प्रावधान किया गया है।

प्रदेश के अंदर व बाहर अध्ययनरत पात्र छात्रों को दी जा रही शुल्क प्रतिपूर्ति-

एक प्रश्न के लिखित जवाब में समाज कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण ने बताया कि प्रदेश के अंदर समस्त मान्यता, सम्बद्धता प्राप्त शिक्षण संस्थानों तथा प्रदेश के बाहर राजकीय एवं अनुदानित शिक्षण संस्थानों में अध्ययनरत अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति एवं सामान्य वर्ग के छात्रों को नियमावली के नियमों के अधीन शुल्क प्रतिपूर्ति प्रदान की जा रही है। वित्त वर्ष 2022-23 के लम्बित 36607 अनुसूचित जाति छात्रों को शुल्क प्रतिपूर्ति प्रदान की गई है। वित्त वर्ष 2023-24 में अध्ययनरत छात्रों द्वारा ऑनलाइन आवेदन किया जा रहा है, पात्र एवं सही डाटा वाले छात्रों को मार्च 2024 में धनराशि प्रदान की जाएगी।

बृजनन्दन/पवन

RELATED ARTICLES

Most Popular