– बाबू भी कुशवाहा समाज के लोगों को गुंडों से नहीं बचा पाएंगे : रवि शर्मा
झांसी (हि.स.)। कुशवाहा समाज का वोट लेने के लिए सपा ने बाबू को प्रत्याशी बनाया है। उन्होंने कुशवाहा व अहिरवार समाज के लोगों को आगाह करते हुए कहा कि बाबू भी कुशवाहा समाज के लोगों को सपा के गुंडों से पिटने से नहीं बचा पाएंगे। इसलिए सुरक्षित रहने के लिए हमें एक बार फिर योगी सरकार को लाना होगा और उसके लिए हमें हर बूथ पर जाकर एक एक मतदाता को समझाना होगा। यह कहना है भाजपा के सदर विधानसभा के प्रत्याशी दो बार के विधायक रवि शर्मा का। वह समाधान कार्यालय पर कुशवाहा व अहिरवार समाज के लोगों द्वारा भाजपा में शामिल होने पर उनका अभिनंदन कर रहे थे।
कहा कि एक ओर प्रदेश में अराजकता फैलाने के लिए गुंडे माफियाओं को टिकट देकर जनता को धमकाने का कार्य किया जा रहा है। सभी आसुरी ताकतें एकजुट होकर अराजकता लाना चाहती हैं तो दूसरी ओर हम रामराज्य चाहने वाले प्रदेश में विकास के लिए बुलडोजर बाबा की सरकार चाहते हैं। लेकिन यह इतना आसान मत समझना। कांग्रेस और समाजवादी पार्टी को अलग-अलग मत समझना। सभी दल एकजुट होकर भाजपा के खिलाफ लड़ रहे हैं।
कांग्रेस की प्रियंका वाड्रा ऐसे टिकट बांट रही है कि समाजवादी पार्टी का सहयोग हो जाए। भाजपा को क्षति कैसे हो इस प्रकार से टिकट बांटे जा रहे हैं। वहीं दूसरी ओर अकेले योगी जी अपने काम और विकास के दम पर मैदान में हैं। सारी आसुरी ताकतें एक साथ है दूसरी और योगी जी हम सब की ताकत के बल पर मैदान में हैं। इसलिए फिर से एक बार योगी सरकार को बनाना है। कभी समाजवादी पार्टी के एक बड़े नेता हुआ करते थे हरगोविंद कुशवाहा जी।
चुनाव लड़ने के लिए निवाड़ी भेजा गया लेकिन उनके साथ क्या हुआ सबको पता है। आज कुशवाहा समाज का वोट लेने के लिए बाबू को समाजवादी पार्टी का प्रत्याशी बनाया गया है। लेकिन बाबू हो या कोई और कुशवाहा समाज के लोगों को गुंडों से पिटने से नहीं बचा पाएगा। इसलिए हम सब को एकजुट होकर योगी जी के हाथों को मजबूत करना है।
कहा कि बुलडोजर बाबा के कारनामे घर-घर गली-गली में जाकर लोगों को बताने हैं कि किस प्रकार भाजपा ने विकास की गंगा बहाई। योगी सरकार के एक बार फिर से आने पर ही उत्तर प्रदेश,बुंदेलखंड व झांसी का विकास हो सकेगा। जब प्रदेश में गुंडों की सरकार थी तब पिता और भाई चिंतित रहते थे कि हमारी बहन,हमारी बेटी बाहर निकली है वह घर सुरक्षित पहुंच जाए। लेकिन आज रात में भी हमारी महिलाएं मजे से घूम रही हैं।
आज किसी प्रकार की कोई दिक्कत नहीं होती। यह सब योगी आदित्यनाथ की दृढ़ इच्छाशक्ति का परिणाम है और किसी के बस की बात नहीं थी कि वह इस प्रकार से अराजकता और गुंडों के राज्य को उखाड़ फेंके। आप सभी ने भारतीय जनता पार्टी, प्रधानमंत्री मोदी व मुख्यमंत्री योगी में अपनी आस्था जताई इसके लिए हम आप सभी के आभारी हैं। इस अवसर पर उनके साथ हिन्दू महासंघ व राष्ट्रभक्त संगठन के अध्यक्ष अंचल अडजरिया उपस्थित रहे।
महेश
