गोरखपुर (हि.स.)। दो दिवसीय दौरे पर गोरखपुर आये मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या रवाना होने से पहले कहा कि गोरखपुर के आयुष विश्वविद्यालय के शिलान्यास की भव्यता देखने लायक होगी। अधिकारियों को चेताते हुए यह भी कहा कि शिलान्यास 28 अगस्त को राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के हाथों होना प्रस्तावित है। इसमें कोई कमी नहीं रहनी चाहिए।
अयोध्या रवाना होने से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भटहट ब्लॉक के पिपरी में आयुष विश्वविद्यालय के निर्माण स्थल के निरीक्षण के दौरान कहा कि आयुष विश्वविद्यालय के शिलान्यास कार्यक्रम में किसी भी प्रकार की कमी नहीं दिखनी चाहिए। दूरबीन से पूरे स्थल के गहन मुआयना के दौरान दिखे जलभराव से वे थोड़े असहज हुए और जल निकासी व्यवस्था को तत्काल दुरुस्त करने के निर्देश दिए। वहां मौजूद जिलाधिकारी विजय किरण आनंद के यह बताए जाने पर की जल निकासी का कार्य शुरू है और शीघ्र ही इस समस्या का निदान हो जाएगा, इसकी जानकारी पर सीएम थोड़ा सहज हुए। मुख्यमंत्री ने शिलान्यास समारोह को लेकर तैयार रोड मैप का अवलोकन किया। समय से पूर्व सभी तैयारियां होने के बावत निर्देश दिए।
