कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा, स्वास्थ्य मंत्री विपक्ष को कोसने के बजाय अपने विभाग पर समय देते तो मनुष्यता बची रहती
लखनऊ (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के भाजपा की बड़बोली सरकार की स्वास्थ्य व्यवस्था केवल कागजों तक सीमित रह गई है। आज भी इलाज के आभाव में मरीज तड़प कर मरने को मजबूर हैं। आश्चर्य की बात है कि अस्पतालों में भर्ती मरीजों के पैर चूहे कुतर रहे। आज भी पर्चे बनवाने में कई- कई घंटे लग जाते हैं। ये बातें कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष बृजलाल खाबरी ने कही।
उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष पूर्व सांसद बृजलाल खाबरी ने कहा कि जनपद हमीरपुर में ट्रेन से घायल एक व्यक्ति तीन घंटे तक इलाज के अभाव में तड़पता रहा। कोई सुनने वाला नहीं मिला और वह अंत में मर गया। प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री जितना विपक्ष को कोसने में समय व्यतीत करते हैं। काश उतना समय अपने विभाग में देते तो शायद मनुष्यता बची रहती।
उन्होंने कहा कि प्रदेश के अधिकांश जिलों में चिकित्सा व्यवस्था का यही हाल है। झांसी जनपद का जिला चिकित्सालय दुर्व्यवस्थाओं में सिर चढ़कर बोल रहा है। वहां पर मरीजों को पर्चा बनवाने के लिए कई घंटों तक लाइनों में लगना पड़ता है, क्योंकि आधे से ज्यादा काउंटर बंद रहते हैं। दिव्यांगजनों को प्रमाण पत्र बनवाने में एक वर्ष से अधिक का समय लग जाता है, क्योंकि मेडिकल बोर्ड सप्ताह में केवल एक दिन बैठता है, जिसमें भी कभी विशेषज्ञ डॉक्टर रहते हैं, कभी नहीं रहते हैं। दूर दराज से आये हुए दिव्यांग जनों के साथ हो रहा यह रवैया निंदनीय है।
खाबरी ने कहा कि प्रदेश के लगभग सभी विभागों के यही हालात हैं। सरकार केवल चुनावी ताल मेल में व्यस्त एवं मस्त है। जनता की बदहाली से इनका कोई लेना-देना नहीं है। कांग्रेस पार्टी निरंतर जनपदों में ‘‘संविधान बचाओ संकल्प सभा’’ के माध्यम से लोगों को जागरूक कर रही है। हम लोग गांव-गांव, मोहल्ले- मोहल्ले तक पहुंचकर लोगों को जागरूक करने का काम रहे हैं। भाजपा की सरकार में देश और प्रदेश खोखला होता चला जा रहा है।
उपेन्द्र/बृजनंदन
