-आजमगढ़ के लोगों के लिए भाई व बेटा की तरह काम करेगें
आजमगढ़ (हि.स.)। लोकसभा उपचुनाव में समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार धर्मेन्द्र यादव ने शनिवार को कहा कि देश में जो लोग भी गलत टिप्पणी कर रहे हैं, हमारी पार्टी उसकी निंदा कर रही है। बाहरी बनाम स्थानीय के मुद्दे पर कहा कि इसका जवाब 23 जून को आजमगढ़ की जनता देगी और 26 को परिणाम सबके सामने होंगे।
उन्होंने कहा कि पिछले पांच सालों से प्रदेश की भाजपा सरकार ने जिले को उपेक्षित किया और समाजवादियों द्वारा किये गये विकास कार्य को भी ठप कर दिया। भाजपा प्रत्याशी दिनेश लाल यादव निरहुआ पिछले दिनों दारोगाओं को धमकी भरे लहजे में की गयी बात पर सपा प्रत्याशी ने कहा कि यह उनका घमंड बोल रहा है और यह आचार संहिता का उल्लंघन है।
नगर के नरौली में मीडिया कर्मियों से बातचीत करते हुए समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी धर्मेन्द्र यादव ने कहा कि आज देश में गलत टिप्पणी कर माहौल खराब किया जा रहा है। आज देश में अगर सबसे अधिक बेरोजगारी है तो इसका कारण भाजपा है। आज नौजवान, किसान, बेराजगार, मजदूर और सभी तबके के लोग परेशान हैं। प्रदेश की जनता की आवाज और उन्हें न्याय दिलाने के लिए राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव का विधान सभा में रहना काफी जरूरी था, इसलिए उन्होंने इस सीट से इस्तीफा दिया। राष्ट्रीय अध्यक्ष, पार्टी की जिला इकाई ने मुझे चुनाव लड़ने का मौका दिया। सपा प्रत्याशी ने कहा कि आजमगढ़ के लोग यह जानते हैं कि जिले में सुगर मिल से लेकर पुल और पुलिया का निर्माण किसने कराया। यह सब कुछ नेताजी और अखिलेश यादव की सरकार में हुआ। उन्होंने कहा कि प्रदेश में पिछले पांच सालों में भाजपा की सरकार ने समाजवादियों द्वारा जिले में विकास कार्यों को भी ठप करने का काम किया है। उन्होंने यहां की जनता को भरोसा दिलाया कि वे एक संघर्षशील, मजबूत व्यक्ति की तरह उनके भाई व बेटा बनकर कार्य करेंगे।
राजीव
