लखनऊ (हि.स.)। 51 हजार रुपये किलो का गुड़। चौकिएं नहीं, यह हकीकत है, इसे देखना है तो लखनऊ के इंदिरागांधी प्रतिष्ठान में चले जाइए, जहां आपको देखने को मिल जाएगा। वहां एक जिला एक उत्पाद (ओडीओपी) के तहत लगी प्रदर्शनी में यह अयोध्या जैगरी फाउंडेशन के स्टाल पर मिलेगा। इस गुड़ का नाम है आनंदम गोल्ड। इसमें सोने के अर्क के साथ ही स्वर्ण भस्म, रजत भस्म, पंग भस्म, रस सिंदूर, अभ्रक, स्वर्ण बागेश्वर रस डाला गया है। इसके अलावा इसमें अश्वगंधा, सतावर, शर्पगंधा समेत 21 जड़ी-बूटियां भी हैं।
प्रदर्शनी में जड़ी-बूटी मिश्रित गुड़ तीन हजार से लेकर 51 हजार रुपये किलो मूल्य तक के हैं। वहीं, सामान्य गुड़ 300 रुपये किलो है, जिसमें इलाइची आदि का प्रयोग किया गया है।
ओडीओपी के तहत अयोध्या, बागपत, बिजनौर, मेरठ, मुजफ्फरनगर, पीलीभीत, शाहजहांपुर और शामली का उत्पाद जैगरी है। ओडीओपी के तहत अन्य जिलों के उत्पाद के साथ अयोध्या के गुड़ का भी स्टाल लगा है। अयोध्या जैगरी फांउडेशन के मालिक अविनाश दूबे का कहना है कि यह एमएसएमई में रजिस्टर्ड है। इसके अलावा अन्य कई जगहों पर भी रजिस्टर्ड किया गया है। इसको हम डाक से भी भेजते हैं, जिसका 70 रुपये प्रति पैकेट के हिसाब से अतिरिक्त चार्ज लिया जाता है। आपके पास पहुंच जाने पर पैसा देना होता है। उन्होंने बताया कि हर गुड़ में आयुर्वेद का मिश्रण जरूर मिलेगा। जैसे आनंदम क्वालिटी का गुड़ 8000 रुपये किलो है। इसमें भी सिर्फ सोने का अर्क छोड़कर रजत भस्म, रस सिंदूर, अभ्रक, बागेश्वर रस के साथ ही 21 जड़ी-बूटियां मिली हुई हैं।
भदोही से आये कालीन उद्योग के इकबाल का कहना है कि सरकार के इस तरह की योजनाओं से हमें उपयुक्त कीमत के साथ ही हमारे उत्पाद के प्रचार में भी सहायता मिलती है। उनके स्टाल पर भी रंग-बिरंगे कालीन देखने को मिल रहे हैं। वहीं स्टाल-38 पर आपको इत्र की एक से एक वेराइटी देखने को मिलेगी।
उपेन्द्र
