Tuesday, February 10, 2026
Homeअन्य प्रदर्शन का छठा दिन बृजभूषण शरण के आपराधिक मामलों का लगा पोस्टर

 प्रदर्शन का छठा दिन बृजभूषण शरण के आपराधिक मामलों का लगा पोस्टर

-आज नीरज चोपड़ा आए समर्थन में

नई दिल्ली (हि.स.)। दिल्ली के जंतर-मंतर पर धरने पर बैठे पहलवानों ने कुश्ती महासंघ के अध्यक्ष बृजभूषण शरण के खिलाफ आपराधिक मामलों का पोस्टर लगाया है। आज धरने का छठा दिन है। इस पोस्टर के जरिए बताया गया है कि बृजभूषण शरण के खिलाफ उत्तर प्रदेश के अलग-अलग थानों में तीन दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं। इनमें आर्म्स एक्ट, गैंगस्टर, मारपीट जैसे कई केस शामिल हैं। इस पोस्टर के जरिए एक संदेश दिया जा रहा है कि जो कुश्ती महासंघ के अध्यक्ष हैं, उनका आपराधिक रिकॉर्ड कैसा है।

महिला पहलवानों के ऊपर यौन उत्पीड़न को लेकर बीते कई दिनों से भारतीय पहलवान जंतर-मंतर पर धरना प्रदर्शन कर रहे हैं। उनकी मांग है कि कुश्ती महासंघ अध्यक्ष बृजभूषण शरण के खिलाफ एफआईआर दर्ज हो और जांच करने के बाद उन्हें जेल भेजा जाए।

धरने पर बैठे पहलवानों का कई खिलाड़ी भी समर्थन कर चुके हैं। इसी बीच शुक्रवार को भारतीय पहलवानों के समर्थन में भारत के स्टार भाला फेंक खिलाड़ी नीरज चोपड़ा आ गए हैं। उन्होंने ट्वीट कर पहलवानों को अपना समर्थन दिया है।

अब तक धरने पर बैठे भारतीय पहलवानों को पूर्व राज्यपाल सतपाल मलिक, कांग्रेस नेता उदित राज, सीपीएम नेता वृंदा करात, आरएलडी अध्यक्ष जयंत चौधरी, भारतीय किसान यूनियन राष्ट्रीय अध्यक्ष नरेश टिकैत जैसे कई बड़े राजनीतिक दलों के नेता भी अपना समर्थन दे चुके हैं।

छठे दिन सड़क पर कुस्ती के दांव पेचों की जोर आजमाइश

सुबह पहलवान जंतर-मंतर की सड़क पर कुस्ती के दांव पेचों की जोर आजमाइश करते हुए नजर आए। इसके साथ ही पहलवानों ने सड़क पर वर्कआउट भी किया। इसी बीच विनेश फोगाट, बजरंग पूनिया और साक्षी मलिक जैसे दिग्गज खिलाड़ी लगातार छठवें दिन आंदोलन कर रहे हैं। इसके अलावा कई युवा कुश्ती के दाव पेंच दिखाते हुए नजर आए। पहलवान बजरंग पुनिया ने सभी को अभ्यास कराया और सड़कों पर दौड़ लगवाई। इस अभ्यास को करने के पीछे एक बड़ी वजह यह भी बताई जा रही है कि खिलाड़ी अपने को फिट रख सकें और आने वाले समय में अपने को तैयार रख सकें।

अश्वनी/अनूप

RELATED ARTICLES

Most Popular