Saturday, April 11, 2026
Homeउत्तर प्रदेशप्रथम चरण में भाजपा के सामने प्रदर्शन दोहराने की चुनौती

प्रथम चरण में भाजपा के सामने प्रदर्शन दोहराने की चुनौती

मेरठ (हि.स.)। उप्र विधानसभा चुनाव के प्रथम चरण का मतदान 10 फरवरी होगा। इन चुनावों में भाजपा के सामने 2017 का प्रदर्शन दोहराने की चुनौती है तो समाजवादी पार्टी इस समय भाजपा का तिलिस्म तोड़ने की जुगत में लगी है।

पश्चिम उप्र के 11 जनपदों की 58 विधानसभा सीटों पर 10 फरवरी को मतदान होने जा रहा है। 2017 में इन 58 सीटों में से भाजपा ने 53 सीटों पर अपना परचम लहराया था। 2022 में भाजपा के सामने कड़ी चुनौती खड़ी है। अपने विकास कार्यों, बेहतर कानून व्यवस्था, पलायन रोकने आदि मुद्दों के सहारे भाजपा 2017 के प्रदर्शन को दोहराने का दावा कर रही है, जबकि सपा का कहना है कि प्रथम चरण से ही भाजपा का सूपड़ा साफ होना शुरू हो जाएगा। ऐसे में इस जंग में बसपा भी एक त्रिकोणीय भूमिका निभा रही है। पश्चिमी उप्र की अधिकांश सीटों पर सपा और भाजपा के बीच कांटे का मुकाबला है।

2017 के चुनाव में दलीय स्थिति

मेरठ: 2017 में मेरठ जनपद की 07 विधानसभा सीटों में से 06 सीटों पर भाजपा प्रत्याशियों को जीत हासिल हुई थी। जबकि मेरठ सदर सीट पर सपा प्रत्याशी जीतने में कामयाब रहे थे।

बागपत: 2017 में बागपत जनपद की 03 विधानसभा सीटों में से 02 पर भाजपा का कमल खिला था। जबकि छपरौली सीट पर रालोद प्रत्याशी चुनाव जीता, जो बाद में भाजपा में ही शामिल हो गया।

गाजियाबाद: 2017 में गाजियाबाद जनपद की 05 सीटों पर भाजपा ने क्लीन स्वीप किया था। सपा, बसपा, रालोद और कांग्रेस को एक भी सीट नहीं मिल पाई थी।

बुलंदशहर: बुलंदशहर जनपद में 2017 में सभी सातों सीटों पर भाजपा के प्रत्याशी चुनाव जीतने में कामयाब रहे। सभी दलों का सूपड़ा साफ हो गया था।

हापुड़: हापुड़ जनपद की 03 विधानसभा सीटों में से 02 पर भाजपा प्रत्याशियों को जीत हासिल हुई थी। जबकि एक सीट पर बसपा का हाथी चिंघाड़ा था। सपा यहां कोई भी सीट नहीं जीत पाई थी।

गौतमबुद्ध नगर: गौतमबुद्धनगर जनपद में 2017 के चुनाव में तीनों सीटों पर भाजपा के विधायक चुने गए। सपा, बसपा, कांग्रेस को कोई सीट नहीं मिली।

शामली: शामली जनपद में 2017 में 03 सीटों में से 02 सीटों पर भाजपा का कमल खिला,जबकि कैराना सीट पर सपा प्रत्याशी को जीत हासिल हुई।

मुजफ्फरनगर: 2017 में जनपद की सभी 06 विधानसभा सीटों पर भाजपा ने विरोधी दलों का सूपड़ा साफ कर दिया। सपा, बसपा और कांग्रेस एक भी सीट हासिल करने को तरस गई।

आगरा: 2017 में आगरा जनपद की 09 विधानसभा सीटों भाजपा प्रत्याशियों ने जीत हासिल करके विरोधी दलों को बुरी तरह से हराया।

अलीगढ़: 2017 के चुनाव में अलीगढ़ में भी भाजपा को सभी 07 सीटों पर जीत मिली। सपा, बसपा और कांग्रेस यहां भी जीत के लिए तरस गईं।

मथुरा: मथुरा जनपद की 05 सीटों में से 04 पर भाजपा प्रत्याशियों के पक्ष में चुनाव परिणाम गए थे। यहां पर बसपा को 01 सीट पर जीत हासिल हुई।

कुलदीप

RELATED ARTICLES

Most Popular