Tuesday, March 31, 2026
Homeमंडललखनऊ मंडलप्रत्येक व्यक्ति ले स्वच्छता का संकल्प, लोगों को भी करें जागरूक :...

प्रत्येक व्यक्ति ले स्वच्छता का संकल्प, लोगों को भी करें जागरूक : सुरेश खन्ना

– एके शर्मा ने कहा, स्वच्छताग्राही बनें, अपनी जिम्मेदारी समझें

लखनऊ (हि.स.)। हम सभी को स्वच्छता के लिए कृत संकल्पित होना होगा। आज श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जन्मजयंती है। उन्होंने राष्ट्र के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया। ऐसे अवसर पर हम सभी स्वच्छता का संकल्प लें और खुद सफाई में सहयोग करते हुए आस-पास के लोगों को भी जागरूक करें। ये बातें उप्र सरकार के वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने कही। वे लोहिया पथ पर आयोजित स्वच्छता रैली के शुभारंभ अवसर पर बोल रहे थे।

इस अवसर पर नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने कहा कि आज हमारे मार्गदर्शक श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जन्म जयंती है। ऐसे अवसर पर हमें स्वच्छताग्रही बनने की जरूरत है। हम स्वयं समय से सफाई करें। इसके साथ ही अपने आस-पास के लोगों को इसके प्रति जागरूक करें। उन्होंने कहा कि सफाई आवश्यक है लेकिन मुझे नहीं करना है इस माहौल को बदलने की जरूरत है। हमें सीखना है कि हमारे आस-पास का वातावरण स्वच्छ चाहिए तो हमारी जिम्मेदारी है कि हम स्वयं अपना प्रबंधन करें। इसके साथ ही अगल-बगल वालों को भी टोंके और उन्हें भी प्रेरित करें। हम सबके पथ प्रदर्शक श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जन्म जयंती है। इस कारण हमें संकल्प लेना जरूरी है। लखनऊ में बीच में कुछ चुनौतियां थीं, कई जगह हमें अपने हाथ में काम लेना पड़ा। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी स्वच्छता संदेश को घर-घर पहुंचाएं।

ए.के. शर्मा ने कहा कि इस समय केंद्र सरकार स्वच्छता सर्वे करा रही है। यदि आपने साल भर पढ़ाई की लेकिन परीक्षा के समय पढ़ाई नहीं की तो आपके अच्छे अंक नहीं आते हैं। इस कारण वर्तमान में आपको स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है, जिससे हम सर्वे में कम अंक न पायें और अव्वल बनकर देश के सामने उभरें।

नगर विकास मंत्री ने कहा कि चार-चार बजे सुबह सफाई कर्मी फिल्ड में निकलते हैं। ऐसे में हमारी भी जिम्मेदारी बनती है कि उससे पहले हमारे घर का कूड़ा बाहर निकल जाए। आप स्वयं स्वच्छता का संकल्प लें और आस-पास के लोगों को जागृति करें। सार्वजनिक शौचालयों को स्वच्छ बनाने में भी अपना योगदान दें। सार्वजनिक जगहों पर यदि हम गंदगी करते हैं तो हमारे लोगों को ही उसे झेलना पड़ता है। इस अवसर पर महापौर सुषमा खर्कवाल ने भी नगर को स्वच्छ बनाने का आग्रह किया।

उपेन्द्र/मोहित

RELATED ARTICLES

Most Popular