Monday, February 9, 2026
Homeउत्तर प्रदेश प्रतिबंध के बावजूद गंगा में बजड़े पर मना रहे थे जश्न, पुलिस...

 प्रतिबंध के बावजूद गंगा में बजड़े पर मना रहे थे जश्न, पुलिस ने रोका

वाराणसी (हि.स.)। साल 2022 की विदाई और नये साल का जश्न प्रतिबंध के बावजूद गंगा में बजड़े पर मनाना शुक्रवार को युवाओं के लिए भारी पड़ गया। मौके पर स्टीमर से पहुंची पुलिस ने तीनों बजड़ों को अपने कब्जे में लेकर युवाओं को जमकर फटकार लगाई और कड़ी चेतावनी भी दी।

अपरान्ह में कुछ युवा गंगा में तीन बजड़ों पर सवार होकर मध्य धारा में पहुंचे और तीनों बजड़ों पर तेज संगीत पर थिरकने लगे। यह देख किसी ने इसका वीडियो बनाकर वायरल कर दिया और पुलिस को भी इसकी सूचना दे दी। दशाश्वमेध एसीपी के निर्देश पर एक्शन में आई चौक पुलिस ने सिंधिया घाट के सामने युवाओं को रोक लिया। पुलिस टीम ने तीनों बजड़ों को अपने कब्जे में लेकर मल्लाहों को थाने ले आई। इसके पहले बजड़े पर सवार लोगों को भी डांट फटकार लगाई।

2022 के विदा होने में एक दिन शेष बचा हैं । ऐसे में साल के अन्तिम दिन और नए साल को लेकर शहर में जगह-जगह पार्टी, नौकायन और विश्वनाथ धाम में दर्शन के लिए भारी भीड़ उमड़ी है। इसको देखते हुए सुरक्षा कारणों से पुलिस उपायुक्त काशी जोन आरएस गौतम ने नाविकों संग बैठक की थी।

बैठक में उन्होंने कहा था कि 31 दिसंबर और एक जनवरी को किसी भी नाव पर डीजे पार्टी नहीं होनी चाहिए। बिना लाइफ जैकेट के कोई भी नाव गंगा में सवारी ढोते न दिखे, नहीं तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी। नाविकों से ओवरलोडिंग का खास ध्यान रखने की अपील की। डीसीपी काशी जोन ने कहा कि नगर निगम द्वारा लाइसेंस में निर्गत क्षमता के अनुसार ही नाव में लोगों को बैठाएंगे। अपने- अपने नाव की निर्धारित क्षमता का बोर्ड लगाएंगे। कोई भी नाविक नशे की हालत में नाव का परिचालन नहीं करेगा।

श्रीधर

RELATED ARTICLES

Most Popular