वाराणसी (हि.स.) । जिला प्रशासन के तमाम दावों के बीच प्रतिबंधित चाइनीज कातिल मांझा बेधड़क दुकानदार बेच रहे हैं। इससे आये दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। मकर संक्रांति पर्व नजदीक देख सोमवार को शहर में सामाजिक संगठन सुबह-ए- बनारस क्लब के बैनर तले काल भैरव स्थित बी०पी० गुजरात विद्या मंदिर इंटर कॉलेज परिसर में जन जागरूकता अभियान चलाया गया।
अभियान में शामिल सामाजिक कार्यकर्ताओं, छात्राओं, अध्यापकों के साथ प्राचार्य ने गाहे-बगाहे लोगों के गले का फॉस बने जानलेवा प्रतिबंधित कातिल चाइनीज मंझा के बिक्री पर पूर्ण रोक लगाने की मांग की। प्रधानाचार्य शशि प्रकाश गौतम ने छात्रों के साथ आम लोगों से प्रतिबंधित चाइनीज मंझा से पतंग न उड़ाने की अपील की।
उन्होंने कहा कि न्यायालय द्वारा रोक के आदेश के बावजूद धड़ल्ले से बिक रहे प्रतिबंधित मांझा का खतरा इंसानों के साथ बेजुबान पशु-पक्षियों के ऊपर हर वक्त मंडराता रहता है। अनगिनत घटनाएं हो चुकी है,जिसमें मासूम बच्चे, युवक, व वृद्ध की मौते हो चुकी है। घायलों की तो गिनती ही नहीं है। इसके बावजूद प्रतिबंधित मांझे की बिक्री को लेकर पुलिस व प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं ।
अभियान में संस्था के अध्यक्ष मुकेश जायसवाल, डॉ अशोक कुमार राय, राजन सोनी, अनिल केसरी आदि शामिल रहे।
श्रीधर
