प्रतापगढ़ (हि.स.)। जिले में नगर कोतवाली क्षेत्र में एक टीवी चैनल के पत्रकार सुलभ श्रीवास्तव की मौत के मामले में मृतक पत्रकार की पत्नी रेणुका श्रीवास्तव की तहरीर के आधार पर पुलिस अधीक्षक आकाश तोमर के निर्देश पर कोतवाली पुलिस ने सोमवार दोपहर हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया ।
सुलभ की रविवार रात सड़क किनारे लाश मिली थी। पुलिस ने मामले को हादसा बताया था। एक दिन पहले शनिवार को ही सुलभ ने शराब माफियाओं से अपनी जान को खतरा बताते हुए पुलिस अधिकारियों को शिकायती पत्र दिया था। इसके बाद भी उसे सुरक्षा नहीं मिल सकी थी। बताया जाता है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मिले कुछ सबूतों के कारण पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।
पत्रकार की मौत को लेकर कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी और सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी उप्र सरकार पर हमला बोला। नगर कोतवाली क्षेत्र के रेलवे स्टेशन मोहल्ले में रहने वाले सुलभ श्रीवास्तव (42) नगर कोतवाली क्षेत्र के सुखपाल नगर ईट भठ्ठे के पास संदिग्ध हालत में रोड किनारे अर्धनग्न अवस्था में मिले। सिर पर चोट के निशान मिले। शर्ट के सारे बटन खुले हुए थे। स्थानीय लोगों की सूचना पर उन्हें राजकीय मेडिकल कॉलेज (जिला अस्पताल) पहुंचाया गया। जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर परिजन मेडिकल कॉलेज पहुंचे।
पुलिस ने पहले बताया कि सुलभ लालगंज से लौटते समय हादसे का शिकार हो गए थे। उन्हें जिला अस्पताल लाया गया जहां डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने बताया था कि प्रथमदृष्टया लगता है कि उनकी बाइक एक हैंडपम्प से लड़ने के बाद दुर्घटना का शिकार हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही अस्पताल पहुंचे घर वालों ने हत्या का आरोप लगाया। परिजनों ने कहा कि सुलभ की मौत सड़क हादसे में नहीं हुई है। साजिश के तहत उनकी हत्या की गई।
सोमवार को सुबह इसे लेकर विपक्षी दलों ने भी सरकार पर हमला बोल दिया। अखिलेश यादव और प्रियंका गांधी ने ट्वीट कर पुलिस और सरकार पर कई आरोप लगाए।
एडीजी प्रयागराज प्रेम प्रकाश ने बताया कि पत्रकार की मौत के मामले में नगर कोतवाली में हत्या का मुकदमा पत्नी की तहरीर के आधार पर दर्ज किया गया है। मामले की गहनता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम की रिपोर्ट आने के बाद कारण स्पष्ट हो जाएगा। यदि हत्या की गई है तो इसके पीछे जो भी होगा, उसको बख्शा नहीं जाएगा और कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
प्रतापगढ़ में पत्रकार की मौत के मामले में पत्नी की तहरीर पर हत्या का मुकदमा दर्ज
RELATED ARTICLES
