प्रतापगढ़ (हि.स.)। अंतू थाना क्षेत्र में सोमवार को एक मां ने अपने तीन वर्ष के मासूम बेटे की चाकू से गोदकर हत्या कर दी। बाद में खुद के गले पर चाकू मारकर कर आत्महत्या की कोशिश की। नगर पंचायत अंतू के चेयरमैन ने बिना पुलिस को सूचना दिए शव को दफन करवा दिया। बाद में मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपित मां सहित चार लोगों को हिरासत में लिया।
अंतू थाना क्षेत्र के पूरे बैजनाथ गांव निवासी राकेश वर्मा की पत्नी रविवार की शाम को होली पर मायके जाने की बात कह रही थी। पति ने मना किया तो दोनों में विवाद हो गया। रात में राकेश निर्माणाधीन मकान में सोने चला गया। उसका पिता राम सुख भी वहीं था। मां घर के सामने दूसरे छप्पर में सो रही थी।
सोमवार को राकेश की पत्नी केश कुमारी ने अपने तीन साल के मासूम बेटे को चाकू से गोदकर मार डाला। इसके बाद अपने गले को रेतने का प्रयास किया, लेकिन इस बीच पहुंचे ससुरालियों ने उसे बचा लिया। घटना की जानकारी पर अंतू नगर पंचायत के चेयरमैन पहुंचे और बिना पुलिस को सूचना दिए बच्चे के शव को गांव के बाग में दफन करा दिया। इस बीच पहुंची पुलिस ने आरोपित महिला समेत चार लोगों को दबोच लिया।
सीओ सिटी अभय पांडेय ने बताया कि बेटे की हत्या में आरोपित मां केश कुमारी उसके पति राकेश वर्मा व सास-ससुर को हिरासत में लिया गया है।
