प्रतापगढ़। उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ में जिला पंचायत अध्यक्ष पद के चुनाव की सरगर्मी तेज हो गयी है। किसी भी बड़ी पार्टी के पास बहुमत नहीं है। सभी ने निर्दलीय जीते हुए जिला पंचायत सदस्यों को अपने पाले में लाने का प्रयास तेज कर दिया है। जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव के नामांकन में राजा भैया की पार्टी जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के प्रत्याशी के नामांकन के दौरान कांग्रेस दल की नेता आराधना मिश्र के प्रतिनिधि भगवती प्रसाद तिवारी भी मौजूद थे। उन्होंने जनसत्ता दल की प्रत्याशी माधुरी पटेल का नामांकन कराया। इतना ही नहीं जनसत्ता दल के नेताओं के साथ फोटो भी खिंचवाया। जिसके बाद से जिले में सियासी चर्चा शुरू हो गयी है।
तस्वीरें ये बयान कर रही है की जनसत्ता दल को कांग्रेस 3 जुलाई को होने वाले वोटिंग के दौरान खुला समर्थन कर सकती है। भाजपा को हराने के लिए कांग्रेस राजा भैया को अपने खेमे के जीते हुए जिला पंचायत सदस्यों के वोट जनसत्ता दल को करा सकती है। पिछले जिला पंचायत अध्यक्ष की चुनाव में कांग्रेस ने राजा भैया समर्थित प्रत्याशी उमा शंकर का समर्थन करते हुए उनको वोट दिए थे। इस बार भी कांग्रेस जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के प्रत्याशी को खुला समर्थन देती नजर आ रही है। सपा के पास 17 सबसे अधिक सीटे है, जबकि जनसत्ता दल के पास 12 सीटें है, भाजपा के पास 7 सीटे है। आंकड़े ये बताते हैं कि किसी पार्टी के पास भी बोर्ड बनाने के लिए बहुमत नहीं है, जबकी 14 निर्दलीय और 5 कांग्रेस समर्थित जिला पंचायत सदस्यों ने जीत दर्ज की है। ऐसे में इनका वोट काफी अहम माना जा रहा है। निर्दलीय जिस पार्टी की तरफ रुख करेंगे उंसका चुनाव जीतना तय है। अगर पिछले पांच जिला पंचायत सदस्य के चुनाव के आंकड़े पर गौर करें तो चार बार राजा भैया समर्थकों का कब्जा रहा है। इस बार भी राजा भैया समर्थित प्रत्याशियों का दबदबा देखने को मिल रहा है, लेकिन भाजपा के चुनाव लड़ने से मुकाबला दिलचस्प हो गया है।
प्रतापगढ़ : जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव में दिखी कांग्रेस और राजा भैया की जुगलबंदी
RELATED ARTICLES
