प्रतापगढ़(हि. स.)। प्रतापगढ़ जिले में बुधवार को दोपहर रानीगंज थाना क्षेत्र में रसोई गैस सिलिंडर के ब्लास्ट हो जाने से आंगनबाड़ी केन्द्र जलकर खाक हो गया। ब्लास्ट के दौरान चपेट में आने से एक राहगीर की मौत हो गयी। समाचार लिखे जाने तक राहगीर की पहचान नहीं हो सकी थी। घटना को लेकर गांव में अफरा-तफरी की स्थिति उत्पन्न हो गयी। जानकारी होने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
घटना रानीगंज थाना क्षेत्र के भवानीगढ़ गांव की है। यहां विकास खंड गौरा के पूर्व ब्लाॅक प्रमुख राकेश सरोज के पड़ोस में कुछ दूर पर आंगनबाड़ी केन्द्र स्थित है। मौजूदा समय में आंगनबाड़ी केन्द्र बंद चल रहा है।
इस केन्द्र में गांव का ही एक गरीब परिवार रहकर गुजर-बसर कर रहा था। बुधवार को लगभग 11 बजे के आसपास गरीब परिवार गैस सिलिंडर का उपयोग कर भोजन बना रहा था। इस दौरान लीकेज होने से गैस सिलिंडर में आग लग गयी। सिंलिडर में आग लगी देख घर छोड़कर लोग बाहर आ गये। देखते ही देखते आंगनबाड़ी केन्द्र में आग लग गयी। थोड़ी ही देर में सिलिंडर ब्लास्ट हो गया और तेज धमाका हुआ। इसी बीच सड़क पर साइकिल से जा रहा एक राहगीर ब्लास्ट की चपेट में आ गया। उसकी मौके पर ही मौत हो गयी। स्थानीय लोगों ने बताया कि ब्लास्ट इतना जबरदस्त था कि गैस सिंलिंडर का मलबा काफी दूर में जाकर बिखर गया।
दीपेन्द्र
