प्रतापगढ़ (हि.स.)। जिले के सांगीपुर थानान्तर्गत विकास खण्ड परिसर में शनिवार को भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए और जमकर मारपीट तथा बवाल हुआ। कई गाड़ियों में तोड़फोड़ की गई। मौके की नजाकत को देखते हुए संसद सांगमलाल गुप्ता ब्लॉक में आयोजित कार्यक्रम को छोड़कर जिला मुख्यालय चले गए। और कांग्रेस नेता प्रमोद तिवारी और विधानमंडल दल नेता आराधना मिश्र मोना अपने समर्थकों को साथ लेकर लालगंज स्थित आवास चले गए। इस घटना के बाद जिले में राजनीतिक माहौल गरम हो गया है।
जिला प्रशासन की ओर से शनिवार को जिले के सभी ब्लॉकों में गरीब कल्याण मेला का आयोजन किया गया था। सांगीपुर ब्लॉक सभागार में भी इसका आयोजन था। दोपहर लगभग ढाई बजे बजे कांग्रेस नेता प्रमोद तिवारी और रामपुर खास से विधायक आराधना मिश्रा (मोना) कार्यक्रम में पहुंचीं।
पांच मिनट बाद भाजपा सांसद संगमलाल गुप्ता भी अपने समर्थकों के साथ कार्यक्रम में पहुंच गए। उनके पहुंचते ही वहां तनाव बढ़ गया। दोनों पक्ष के समर्थक एक-दूसरे के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। तनाव बढ़ते ही समर्थक आपस में भिड़ गए। उनके बीच मारपीट शुरू हो गई। घटना के वीडियो में प्रमोद तिवारी और सांसद के बीच भी धक्कामुक्की होती दिख रही है। इससे वहां अफरातफरी मच गई। पुलिस ने किसी तरह लोगों को अलग किया। ब्लॉक के बाहर भी दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई। सांसद की गाड़ी में तोड़फोड़ भी की गई। सांसद वहां से लौट लिए। बवाल होने पर कार्यक्रम स्थगित कर दिया गया।
