गाजियाबाद (हि.स.)। नंद ग्राम थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक शिकंजी विक्रेता की तीन युवकों ने पीट-पीटकर केवल इसलिए हत्या कर दी क्योंकि उसने तीनों युवकों से शिकंजी के पैसे मांग लिए थे। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल शुरू कर दी। अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी।
पुलिस क्षेत्राधिकारी अंशु जैन ने बताया कि नंदग्राम निवासी ज्योति ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि उसका पति गौरव प्रजापति मेट्रो स्टेशन के पास नींबू शिकंजी की दुकान लगाता था। गुरुवार रात को 11:45 बजे रिक्शाचालक बॉबी अपने तीन अन्य साथियों के साथ वहां पहुंचा और शिकंजी पी। शिकंजी पीने के बाद यह लोग बिना पैसे दिए ही जाने लगे। शिकंजी के पैसे मांगने पर इन लोगों ने पैसे देने की बजाय गौरव को बुरी तरह पीटा। सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और गौरव को अस्पताल में भर्ती कराया, जहां शुक्रवार को उसने दम तोड़ दिया। अंशु जैन ने बताया कि इस मामले में रिपोर्ट दर्ज कराने के बाद जांच पड़ताल शुरू कर दी है और आरोपितों की सरगर्मी से तलाश की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
फरमान अली
