Tuesday, March 31, 2026
Homeराज्यपैकर्स एंड मूवर्स कंपनी से ग्राहकों का डाटा चोरी, दो गिरफ्तार

पैकर्स एंड मूवर्स कंपनी से ग्राहकों का डाटा चोरी, दो गिरफ्तार

नई दिल्ली (हि.स.)। पैकर्स एंड मूवर्स कंपनी के एक पूर्व कर्मचारी को उसके साथी सहित अपराध शाखा ने गिरफ्तार किया है। आरोपित कंपनी के ग्राहकों की जानकारी चोरी करके एक दूसरी कंपनी को मुहैया कराता था। इसके लिए उसे 18 हजार रुपये हर महीने मिलते थे। वह जिस शख्स को ग्राहकों का डाटा देता था, वह हर ग्राहक के डाटा के एवज में तीन हजार रुपये लेता था। पुलिस ने फिलहाल दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक अन्य आरोपित की तलाश जारी है। आरोपितों की पहचान दीपक गोयल और अशीष के रूप में हुई है।

अपराध शाखा के डीसीपी मनोज सी. ने मंगलवार को बताया कि अग्रवाल पैकर्स एंड मूवर्स लिमिटेड के अध्यक्ष जे.एस. अहलूवालिया की तरफ से एक शिकायत अपराध शाखा को दी गई थी। इसमें उन्होंने बताया कि

कुछ लोगों ने उनकी कंपनी से मिलती-जुलती फर्जी वेबसाइट बना ली है। गूगल सर्च करने पर यह वेबसाइट सामने आती है।

ग्राहक अग्रवाल पैकर एंड मूवर्स समझकर उनसे काम करवा रहे हैं और ठगी का शिकार हो रहे हैं। इस शिकायत पर अपराध शाखा में मामला दर्ज किया गया। जांच के दौरान पुलिस टीम ने दीपक गोयल नाम के एक शख्स को गिरफ्तार किया, जो इस कंपनी का पूर्व कर्मचारी है।

दीपक ने पुलिस को बताया कि वह कंपनी के कंप्यूटर से ग्राहकों का डाटा अपनी जीमेल आईडी के जरिए निकालता था। इसके बाद वह अपने साथी आशीष को यह डिटेल भेजता था। इस काम के लिए दीपक को हर महीने 18000 रुपए मिलते थे। पुलिस टीम ने आशीष की तलाश शुरू की तो वह फरार हो गया। उसके खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी किया गया।

एसीपी मयंक बंसल की देखरेख में इंस्पेक्टर मनोज कुमार की टीम ने बीते 31 अक्टूबर को उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान उसने इस वारदात में शामिल होने की बात कबूल की है। पुलिस ने उसके कब्जे से एक मोबाइल फोन बरामद किया है। आरोपित के खिलाफ केस दर्ज करके पुलिस पूछताछ में जुटी है।

RELATED ARTICLES

Most Popular