Thursday, April 2, 2026
Homeस्वास्थ्यपे-मैट्रिक्स की मांग को लेकर केजीएमयू के चिकित्सक व कर्मचारी हड़ताल पर

पे-मैट्रिक्स की मांग को लेकर केजीएमयू के चिकित्सक व कर्मचारी हड़ताल पर

लखनऊ (हि.स.)। किंग जार्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय के चिकित्सक व कर्मचारी पे-मैट्रिक्स की मांग को लेकर आज हड़ताल पर हैं। केजीएमयू में इमर्जेन्सी सेवा को छोड़कार ओपीडी व अन्य आवश्यक जांचे नहीं हो रही हैं। दूर-दराज से इलाज के लिए आये मरीजों को ओपीडी में डाक्टर नहीं मिले।

केजीएमयू शिक्षक संघ के आहवान पर आज केजीएमयू के चिकित्सक व कर्मचारी हड़ताल पर है। केजीएमयू के सभी चिकित्सक 29 अगस्त से काला फीता बांधकर विरोध जता रहे थे। केजीएमयू शिक्षक संघ ने शासन को 05 सितम्बर तक का समय दिया था। 05 सितम्बर तक शासन ने केजीएमयू शिक्षकों की मांगों पर अमल नहीं किया। इसके बाद केजीएमयू के चिकित्सकों ने हड़ताल का सहारा लिया है।

केजीएमयू के कुलपति लेफ्टिनेंट जनरल डॉ बिपिन पुरी ने अपील की है कि रोगियों को किसी प्रकार की असुविधा ना हो। सभी संविदा कर्मचारियों को निर्देशित किया गया है कि वें अपनी सेवाएं लगातार बनाये रखें। शिक्षकों एवं कर्मचारियों की माँग से शासन एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्रालय को अवगत करा दिया है।

जल्द ही मांगों का समाधान होगा

उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा है कि केजीएमयू में जो लोग प्रदर्शन कर रहे हैं उन लोगों से भी हमारी बात हुई है और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भी हमारी बात हो गई है जल्द ही उनकी समस्याओं का समाधान किया जायेगा।

केजीएमयू शिक्षक संघ के महामंत्री डा. संतोष कुमार ने हिन्दुस्थान समाचार से बताया कि आज तीन बजे आम सभा की बैठक बुलायी गयी है। बैठक में आन्दोलन के आगामी रणनीति पर चर्चा की जायेगी। उन्होंने बताया कि अभी हम लोगों की किसी से कोई वार्ता नहीं हुई है। किसी से वार्ता करने का कोई प्रश्न ही नहीं है। केवल आदेश करने की जरूरत है।

बृजनन्दन

RELATED ARTICLES

Most Popular