Friday, April 3, 2026
Homeउत्तर प्रदेश पेशेवर माफिया और अपराधियों को अपने बीच न घुसने दें : योगी...

 पेशेवर माफिया और अपराधियों को अपने बीच न घुसने दें : योगी आदित्यनाथ

मुजफ्फरनगर (हि.स.)। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पेशेवर माफिया और अपराधियों को अपने बीच में नहीं घुसने दें। भाजपा की डबल इंजन सरकार विकास कर रही है। रालोद पर करारे प्रहार करते हुए कहा कि चौधरी चरण सिंह ने हमेशा अपराधियों का विरोध किया लेकिन आज का रालोद पेशेवर अपराधियों और माफिया को प्रश्रय दे रहा है। राजनीति में आने पर अपराधी और माफिया आम जनता का शोषण करेंगे। भाजपा सरकार ऐसा नहीं होने देगी। इसलिए सम्मान, सुरक्षा, शांति और विकास के लिए भाजपा को जीत दिलाईये।

खतौली उप चुनाव में भाजपा प्रत्याशी राजकुमारी सैनी के समर्थन में खतौली नवीन मंडी स्थल पर जन सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि चौधरी साहब कहते थे कि कोई अपराधी या माफिया राजनीति में नहीं आना चाहिए। रालोद अध्यक्ष जयंत चौधरी का नाम लिए बिना कहा कि चौधरी साहब के नाम पर राजनीति करेंगे। यही पेशेवर अपराधी और माफिया को प्रश्रय देकर आम जनता का शोषण करेंगे।

कवाल का बवाल सपा सरकार का कलंक

उन्होंने कहा कि किसान अपनी मेहनत और पुरुषार्थ से गन्ने की मिठास को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करता है। एशिया की सबसे बड़ी चीनी मिल खतौली क्षेत्र से ही गन्ने की मिठास फैलाती है। कवाल का बवाल समाजवादी पार्टी का कलंक है। यह कवाल सपा और रालोद की संयुक्त गठबंधन सरकार की देन था।

मुजफ्फरनगर के सम्मान और सुरक्षा के लिए गंवाई सदस्यता

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि विक्रम सैनी ने अपने परिवार के लिए विधानसभा की सदस्यता नहीं गंवाई। मुजफ्फरनगर के सम्मान और स्वाभिमान के लिए उन्होंने सदस्यता गंवाई। इसके बाद भी उनके चेहरे पर कोई शिकन नहीं थी। सदस्यता जाने के बाद भी कोई संकोच नहीं है। इसलिए राजकुमारी सैनी को प्रत्याशी बनाया, जो उनके साथ मजबूती के साथ खड़ी रहीं।

बवाल के समय कहां थे रालोद नेता

उन्होंने कहा कि कवाल के बवाल के समय सपा सरकार थी। यहां पर महीनों कर्फ्यू था। हजारों हिन्दू नौजवानों को जेल में ठूंस दिया गया था। उस समय रालोद के नेता कहां थे। तब लोकदल कहां था। तब रालोद नेता पूछने भी नहीं आए थे। हम लोगों ने मेहनत से आज उप्र की कानून व्यवस्था को नजीर बनाया है। कैराना और कांधला से पलायन होता था। गुंडे व्यापारी से गुंडा टैक्स वसूलते थे और राहगीरों की हत्या करते थे। किसान खेतों में, लड़कियां स्कूल और बहनें बाजार नहीं जाती थीं। आज पलायन बंद हुआ। भागे व्यापारी वापस आए हैं। आज कांधला और कैराना में रौनक है। गुंडा टैक्स बंद हुआ है। सपा-रालोद की जोड़ी फिर से गुंडा टैक्स प्रारंभ करने की साजिश का हिस्सा बनी हुई है। वे तालीबान जैसा शासन चाहते हैं, लेकिन हम गारंटी देने आए हैं कि डबल इंजन की सरकार किसी भी प्रकार की अराजकता और गुंडागर्दी को पनपने नहीं देगी। जो जिस भाषा में समझेगा, उसे समझाया जाएगा। विकास में कोई भेदभाव नहीं किया गया। सभी को सरकारी योजनाओं का लाभ मिल रहा है। हर गरीब को दिया जा रहा है। उन्होंने योजनाओं का नाम लेते हुए इसका बिना किसी भेदभाव के लाभ सभी को दिए जाने की बात कही।

बिना नाम लिए रालोद प्रत्याशी मदन भैया पर प्रहार करते हुए कहा कि आदत जल्दी छूटती नहीं है। अगर हम सख्ती नहीं करते तो क्या शांति बना पाते। सुरक्षा दे पाते। बेहतर माहौल दे पाते। किसान खेतों में नहीं जा पाता था। जैसे ही खेतों में जाता था तो उसके खेत का सामान उठा लिया जाता था। ट्यूबवेल कनेक्शन कट जाता था। किसान की हत्या हो जाती थी। आज ऐसा नहीं है। अपराधी जैसी भाषा में समझोगा, वैसी भाषा में समझाने का कार्य होगा। आम जनता की सुराक्षा में सेंध लगाने की किसी को छूट नहीं है। डबल इंजन की सरकार जितना कर रही है, 50 साल में भी इतना विकास नहीं हुआ। आजादी के बाद पहली बार बिना भेदभाव सभी को विकास योजनाओं का लाभ मिल रहा है।

कुलदीप

RELATED ARTICLES

Most Popular