– घर के अंदर व सभी सार्वजनिक भवनों में भी जल संयोजन लगाने के निर्देश
झांसी (हि.स.)। सिंचाई एवं जल संसाधन, बाढ़ नियंत्रण, परती भूमि विकास, लघु सिंचाई, नमामि गंगे एवं ग्रामीण जलापूर्ति विभाग के मंत्री स्वतंत्र देव सिंह की अध्यक्षता में जल जीवन मिशन की प्रगति की समीक्षा के लिए आवश्यक बैठक सर्किट हाउस सभागार में बुधवार को आयोजित की गई।
बैठक मंत्री ने निर्देश दिए कि सभी योजनाओं को अनुबन्धित समय में पूर्ण कर जनोपयोगी बनाना सुनिश्चित करें। बुन्देलखण्ड क्षेत्र में पेयजल जीवन वरदान है, अतः उक्त योजनाओं के कार्यों में किसी भी प्रकार की कमी न बरती जाये, साथ ही कार्यों को उचित गुणवत्ता से कराया जायें। उन्होंने कहा कि पेयजल से सम्बन्धित किसी विभाग को यदि कोई समस्या हो तो वह अन्य विभागों के साथ आपसी समन्वय स्थापित करते हुए उसका निराकरण करें। पेयजल से जुड़ी परियोजनाओं एवं कार्यों को किसी भी स्तर पर लम्बित न रखा जाये।
मंत्री ने कहा कि जनपद में किसी भी क्षेत्र में पेयजल समस्या यदि हो तो जल संस्थान द्वारा जो भी वैकल्पिक व्यवस्था की जानी है उसे समय से पूरा कर लिया जाये। जल संयोजन घर के अंदर लगाया जाये, इसके अतिरिक्त उन्होंने कहा कि गांव में सार्वजनिक भवन, पंचायत भवन, विद्यालय, आंगनवाड़ी केंद्र सहित अन्य भवनों में भी जल संयोजन लगाया जाना सुनिश्चित किया जाए। जल जीवन मिशन के अन्तर्गत निर्माणाधीन ग्राम समूह पेयजल योजनाओं के सम्बन्ध में अपर जिलाधिकारी, नमामि गंगे एवं ग्रामीण जलापूर्ति द्वारा बताया गया कि जनपद झांसी में 10 नग ग्राम समूह पेयजल योजनायें निर्माणाधीन है, जिसमें से 107 योजनाओं के 197 ग्रामों में 50179 एफ.एच.टी.सी. (गृह सयोजन) के माध्यम से पेयजल आपूर्ति प्रारम्भ की जा चुकी है। शेष ग्रामों जून-2023 तक पेयजल आपूर्ति प्रारम्भ कर दी जायेगी। उक्त योजनाओं में से तीन नल योजनाओं के माध्यम से जनपद झांसी के 100 ग्रामों में पेयजल आपूर्ति माह जुलाई-2023 से प्रारम्भ कर दी जायेगी।
मंत्री ने गुलारा ग्राम समूह पेयजल योजनान्तर्गत निर्माणाधीन डब्लू.टी.पी. का स्थलीय निरीक्षण किया गया, निरीक्षण के दौरान डब्लू. टी. पी. प्लांट चलता हुआ पाया गया। उन्होंने डब्लू. टी. पी. स्थित प्रयोगशाला का भी निरीक्षण किया तथा जल गुणवत्ता जांच भी कराई, जो निर्धारित मानकों के अनुरूप पेयजल हेतु उपयुक्त पायी गयी। अधिशासी अभियन्ता, जल निगम ने जल शक्ति मंत्री को अवगत कराया कि योजनान्तर्गत सम्मिलित कुल 44 ग्रामों में से 29 ग्रामों में 5920 एफ.एच.टी.सी. (गृह संयोजन) के माध्यम से पेयजल आपूर्ति प्रारम्भ की जा चुकी है। शेष ग्रामों जून-2023 तक पेयजल आपूर्ति प्रारम्भ कर दी जायेगी। इस मौके पर बबीना विधायक राजीव सिंह परीछा, जिलाध्यक्ष भाजपा जमना प्रसाद कुशवाहा, सहित अधिकारीगण उपस्थित रहे।
महेश/मोहित
