बलिया (हि. स.)। यूपी बोर्ड परीक्षा पेपर लीक मामले में जनपद के पत्रकारों पर मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तारी के मुद्दे पर बुधवार को समाजवादी पार्टी ने भी सड़क पर उतर कर विरोध प्रगट किया। सपा नेताओं ने जिलाधिकारी के माध्यम से राज्यपाल को सम्बोधित पत्रक भी उपजिलाधिकारी को दिया।
पत्रक के माध्यम से सपा नेताओं ने कहा कि जनपद के पत्रकारों ने आपने कर्तव्य का पालन करते हुए परीक्षा के पेपर आउट की सूचना प्रकाशित किया था। जिस पर उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार किया गया जो सरासर गलत है। इस पूरे प्रकरण की न्यायिक जांच होनी चाहिए तथा दोषी अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्यवाही होनी चाहिए। इसके पूर्व समाजवादी पार्टी कार्यालय पर पार्टी के नेता और कार्यकर्ता एकत्र हुए। जहां बैठक कर पेपर लीक मामले में प्रशासन द्वारा पत्रकारों पर किए गए कार्यवाही की निंदा किया गया। बैठक को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री रामगोविंद चौधरी ने कहा कि भाजपा की सरकार को लोकतंत्र में तथा लोकतांत्रिक संस्थाओं में कोई विश्वास नहीं है। पूंजीपतियों के इशारे पर खेलने वाली सरकार लोकतंत्र के चौथे स्तंभ की जुबान को पुलिस और प्रशासन के बल पर बंद करा कर लोकतंत्र को पंगु बनाना चाहती है, जिसे कवि बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि जिले के पत्रकारों ने अपने कर्तव्यों का पालन निर्भय होकर किया है। इसके लिए सरकार और प्रशासन उनके खिलाफ कोई भी कार्रवाई करे, लेकिन जनपद की जनता उनको साधुवाद देती है। उनका सम्मान करती है। समाजवादी पार्टी पीड़ित पत्रकारों के साथ मजबूती से खड़ी है। जब भी जरूरत पड़ेगी उनके समर्थन में बड़ा आंदोलन समाजवादी पार्टी करेगी।
जिलाध्यक्ष राजमंगल यादव ने भी कहा कि समाजवादी पार्टी बलिया जनपद के पत्रकारों के साथ खड़ी है। इस अवसर पर यशपाल सिंह, सुशील पाण्डेय कान्हजी, राजन कनौजिया, रामजी गुप्ता, राजेश गोंड़, रामेश्वर पासवान, रविन्द्र यादव, राकेश यादव, रामप्रवेश प्रजापति, सुभाष यादव आदि थे।
पंकज
