Sunday, April 12, 2026
Homeउत्तर प्रदेशपेपर मिल में मिला कर्मचारी का शव, जमकर हंगामा

पेपर मिल में मिला कर्मचारी का शव, जमकर हंगामा

मेरठ (हि.स.)। सरधना थाना क्षेत्र में नानू रोड स्थित पेपर मिल में मंगलवार को एक कर्मचारी का शव मिला। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। कर्मचारी की हत्या सिर को कूचकर की गई। पुलिस ने किसी तरह से लोगों को शांत कराया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी।

अटेरना गांव निवासी तोमेश का शव मंगलवार को नानू रोड स्थित पेपर मिल परिसर में पड़ा मिला। उसका सिर बुरी तरह से कूचा गया था। सूचना मिलने पर परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। सूचना पर पुलिस फोर्स भी मौके पर पहुंच गई और लोगों को समझाने लगी।

मृतक के पिता राकेश ने बताया कि तोमेश कई सालों से फैक्टरी में काम कर रहा था। उन्होंने आरोप लगाया कि फैक्टरी वालों ने ही उनके बेटे को मार डाला है। शरीर के किसी अन्य हिस्से में चोट के निशान नहीं मिले हैं। लेकिन सिर को बुरी तरह से कूचा गया है।

एसडीएम सरधना पंकज प्रकाश राठौड़, सीओ सरधना बृजेश कुमार, इंस्पेक्टर सरधना रमाकांत पचौरी भी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने परिजनों को कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत किया। फैक्टरी मालिकों ने इसे हादसा बताते परिजनों को मदद का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि किसी भारी वस्तु के सिर पर गिरने से मौत हुई है। वह पीड़ित परिवार को 16 लाख रुपये मुआवजा दे रहे हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

कुलदीप

RELATED ARTICLES

Most Popular