– विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर भी दें विज्ञापन की सूचना
– पूविवि की समीक्षा बैठक राजभवन से सम्पन्न
लखनऊ (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की राज्यपाल एवं कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल ने शुक्रवार को राजभवन में जौनपुर स्थित वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय (पूविवि) की समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने निर्देश दिया कि विश्वविद्यालय में रिक्त पदों पर भर्ती के लिए जल्द विज्ञापन जारी किए जाएं। वहीं, भर्ती विज्ञापन की सूचना विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर देने के निर्देश दिए।
राज्यपाल ने कहा कि नियुक्ति में पूर्ण पारदर्शिता एवं शुचिता बनाये रखने के लिये भर्ती विज्ञापन तथा वेबसाइट पर भर्ती नियमों का स्पष्ट उल्लेख किया जाना चाहिये। लेखा आपत्तियों पर चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि महालेखाकार द्वारा जो 15 आपत्तियां की गयी हैं, उनको समयबद्धता के साथ आख्या नियमानुसार प्रेषित कर दें।
उन्होंने कहा कि वित्तीय कार्यों में प्रत्येक दशा में वित्तीय नियमों का पालन होना चाहिये। वहीं, वित्तीय अभिलेखों का रख-रखाव, डबल एंट्री सिस्टम पर करें तथा नियमानुसार कैश बुक और बैलेन्स सीट तैयार की जानी चाहिये।
उन्होंने कहा कि जो कार्य टेण्डर या जैम के माध्यम से होना है, उनको भी नियमानुसार कराया जाय। राज्यपाल ने कहा कि विश्वविद्यालय के आवासीय परिसर में अनाधिकृत व्यक्तियों को आवास आवंटित नहीं किये जाएं। उन्होंने सुझाव दिया कि विवि का आय-व्यय का ब्यौरा मासिक आधार पर अंकित करें तथा यदि किसी को एडवांस दिया गया है तो कार्य समाप्ति के बाद तीन माह के अन्दर उसका समायोजन हो जाये।
राज्यपाल ने कहा कि विश्वविद्यालय 10-15 छात्राओं के समूह भी तैयार करें तथा उन्हें विभिन्न सामाजिक बुराइयों पर गांव में जागरूकता हेतु प्रेरित करें। ऐसा करने से ग्रामीण समाज, खासकर महिलाओं में जागरूकता आयेगी।
बैठक में राज्यपाल के अपर मुख्य सचिव महेश कुमार गुप्ता, विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. निर्मला एस मौर्या, कुलसचिव, वित्त अधिकारी, परीक्षा नियंत्रक एवं अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।
पूविवि : जल्द जारी किए जाएं रिक्त पदों पर भर्ती के विज्ञापन : राज्यपाल
RELATED ARTICLES
